करीब एक सप्ताह तक बंद रहने के बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपनी वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं। संगठन के अनुसार, इस दौरान पोर्टल के डेटाबेस और सॉफ्टवेयर का बड़ा अपग्रेड किया गया है। इसका उद्देश्य सिस्टम को पहले से अधिक सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद बनाना है, ताकि भविष्य में सदस्यों और नियोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
शुरुआत में लग सकता है थोड़ा ज्यादा समय
EPFO ने बताया है कि अगले दो सप्ताह तक क्लेम और अन्य ऑनलाइन अनुरोध चरणबद्ध तरीके से प्रोसेस किए जाएंगे। इस दौरान अतिरिक्त सत्यापन और ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ऐसे में पीएफ निकासी, ट्रांसफर या अन्य सेवाओं के निपटारे में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है।
बार-बार रिक्वेस्ट भेजने से बचें
संगठन ने सभी सदस्यों और नियोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील की है। EPFO का कहना है कि एक ही अनुरोध को बार-बार भेजने या पोर्टल पर लगातार लॉगिन करने से सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इससे सेवाओं की गति प्रभावित होने की संभावना रहती है।
ये भी पढ़ें : Telegram पर सरकार की सख्ती! फिल्मों और OTT कंटेंट की पायरेसी रोकने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम
नए फीचर्स पर अभी नहीं दी जानकारी
फिलहाल EPFO ने किसी नए फीचर या अतिरिक्त सुविधा की घोषणा नहीं की है। संगठन ने सिर्फ इतना बताया है कि सिस्टम और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया गया है, जिससे आने वाले समय में सेवाओं की गुणवत्ता और उपयोगकर्ताओं का अनुभव बेहतर होगा। क्लेम प्रक्रिया या अन्य सुविधाओं में किसी बड़े बदलाव की जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
कई बार बढ़ानी पड़ी थी समय सीमा
शुरुआत में EPFO ने कहा था कि मेंटेनेंस का काम 28 जून तक पूरा हो जाएगा और 29 जून से सेवाएं बहाल हो जाएंगी। बाद में यह समयसीमा बढ़ाकर 1 जुलाई की गई। आखिरकार 3 जुलाई की दोपहर के बाद वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह शुरू कर दी गईं।
PF खाताधारकों के लिए क्या है सलाह?
अगर आपको पीएफ से जुड़ा कोई काम करना है, तो अब पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि, शुरुआती दिनों में क्लेम या अन्य सेवाओं में थोड़ी देरी हो सकती है। इसलिए घबराने की बजाय आधिकारिक अपडेट पर भरोसा रखें और एक ही आवेदन को बार-बार जमा करने से बचें।