Indonesian mosque: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार दोपहर एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा केलापा गेडिंग इलाके के नेवी परिसर में स्थित स्टेट सीनियर हाई स्कूल 72 की मस्जिद में हुआ। धमाके के समय बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 15 छात्र और 5 शिक्षक शामिल हैं। धमाका दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ, जिसके बाद नेवी के जवानों और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
नमाज के दौरान गूंजा धमाका, मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मस्जिद के मुख्य हॉल के पीछे की ओर से अचानक तेज आवाज आई और देखते ही देखते धुआं फैल गया। नमाज अदा कर रहे लोग घबराकर बाहर की ओर भागने लगे। गणित के शिक्षक बुदि लकसोनो ने बताया कि खुत्बा शुरू ही हुआ था कि एक जोरदार धमाका हुआ और बच्चे रोते हुए बाहर भागने लगे। कई लोग गिर पड़े और कुछ को कांच के टुकड़ों से चोटें आईं। सभी घायलों को नजदीकी केलापा गेडिंग क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
धमाके की जांच में जुटी पुलिस
धमाके के बाद नेवी के जवानों और बॉम्ब स्क्वाड की टीम ने इलाके को घेर लिया और मस्जिद की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान मौके से कुछ संदिग्ध वस्तुएं मिली हैं, जिनमें घर में बने विस्फोटक उपकरणों जैसे पार्ट्स, रिमोट कंट्रोल, एयरसॉफ्ट गन और रिवॉल्वर जैसी चीजें शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अभी विस्फोट के कारणों का पता लगाना जल्दबाजी होगी, हालांकि फॉरेंसिक विशेषज्ञ और बम निरोधक दल जांच में जुटे हैं। एहतियात के तौर पर स्कूल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।