आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले के दौरान लखनऊ के इकाना स्टेडियम में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रहे मैच के बीच अचानक दो फैंस आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद अन्य दर्शक भी हैरान रह गए और कुछ लोग डर के कारण अपनी सीट छोड़कर दूर हटते नजर आए।
लात-घूंसे और चप्पल तक पहुंची लड़ाई
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक शख्स ने दूसरे को जोर से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। गिरने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ और दूसरा व्यक्ति उठकर फिर से लड़ने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि एक व्यक्ति ने चप्पल निकालकर दूसरे को मारना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना ने स्टेडियम का माहौल कुछ देर के लिए पूरी तरह बदल दिया।
लोगों ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल
पास बैठे एक दर्शक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग इसे खेल भावना के खिलाफ बता रहे हैं, तो कुछ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी घटना के दौरान सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर क्यों नहीं पहुंचे।
मैच का हाल भी रहा एकतरफा
अगर मुकाबले की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और पूरी टीम 119 रन पर सिमट गई। आयुष बडोनी, ऋषभ पंत और एडन मार्क्रम जैसे बल्लेबाज शून्य पर आउट हो गए, जिससे टीम की स्थिति और खराब हो गई। मिचेल मार्श ने जरूर 55 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे।
इसे भी पढ़ें : मुंबई मैच से पहले CSK को बड़ा झटका, Mukesh Choudhary की मां का निधन, टीम में छाया मातम
गेंदबाजों का रहा दबदबा
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। इसके अलावा बृजेश शर्मा और नंद्रे बर्गर ने भी 2-2 विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के कारण राजस्थान ने मुकाबला 40 रन से अपने नाम कर लिया। वहीं इस पूरे मैच में जहां एक तरफ क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला, वहीं दूसरी तरफ फैंस की इस लड़ाई ने खेल की छवि को धूमिल कर दिया।