हाईवे पर सफर के दौरान FASTag स्कैन न होना आम परेशानी है। गाड़ी टोल लेन में रुकती है तो पीछे लंबी लाइन लग जाती है। कई बार ड्राइवर को लगता है कि टोल प्लाजा की मशीन खराब है लेकिन वजह FASTag भी हो सकता है। टैग पुराना होने धूप बारिश धूल गर्मी या गलत तरीके से चिपकाने पर उसकी RFID चिप ठीक से काम नहीं करती। इसलिए टोल पर पहुंचने से पहले FASTag की स्थिति और बैलेंस देख लेना जरूरी है।
हर बार नहीं मिलेगा मुफ्त रास्ता
FASTag स्कैन न होने पर हर गाड़ी को मुफ्त में टोल पार करने का अधिकार नहीं मिलता। मुफ्त रास्ता तभी मिलेगा जब आपका FASTag एक्टिव हो उसमें पर्याप्त बैलेंस हो और टैग गाड़ी की विंडस्क्रीन पर सही तरीके से लगा हो। इसके बाद भी अगर टोल प्लाजा का इलेक्ट्रॉनिक स्कैनर टैग नहीं पढ़ पा रहा है तो गलती टोल सिस्टम की मानी जाएगी। ऐसी स्थिति में टोल ऑपरेटर को गाड़ी बिना शुल्क आगे जाने देनी चाहिए।
जीरो ट्रांजैक्शन रसीद जरूर लें
अगर FASTag सही होने के बाद भी स्कैनर काम नहीं करता तो टोल कर्मचारी से जीरो ट्रांजैक्शन रसीद जरूर मांगें। यह रसीद बताती है कि आपकी गाड़ी से टोल शुल्क नहीं लिया गया क्योंकि टोल प्लाजा का सिस्टम टैग नहीं पढ़ सका। कई बार ड्राइवर जल्दबाजी में नकद भुगतान कर देते हैं और बाद में पता चलता है कि नियम के अनुसार उन्हें मुफ्त में निकलने दिया जा सकता था। इसलिए विवाद होने पर शांत रहें और रसीद लेने पर जोर दें।
ये भी पढ़ें : SpaceX के शेयरों में भूचाल, तीन दिन में 600 अरब डॉलर साफ, कर्ज की खबर से क्यों घबराया वॉल स्ट्रीट?
टैग खराब है तो क्या होगा
अगर FASTag की चिप खराब है या टैग फटा हुआ है तो इसकी जिम्मेदारी वाहन मालिक की होगी। ऐसी स्थिति में टोल पर मुफ्त यात्रा का नियम लागू नहीं होगा। टैग में बैलेंस कम होने निष्क्रिय होने या गलत गाड़ी में इस्तेमाल होने पर भी परेशानी आ सकती है। कई मामलों में नियमों के अनुसार दोगुना टोल देना पड़ सकता है। इसलिए FASTag को विंडस्क्रीन से निकालकर हाथ में रखने या दूसरी गाड़ी में लगाने की गलती बिल्कुल न करें।
FASTag बदलवाने का आसान तरीका
FASTag बार बार स्कैन नहीं हो रहा है तो उसी बैंक या संस्था से संपर्क करें जिसने टैग जारी किया था। बैंक की ऐप वेबसाइट कस्टमर केयर या नजदीकी शाखा के जरिए रिप्लेसमेंट के लिए आवेदन किया जा सकता है। नया बैंक अकाउंट खोलने की जरूरत नहीं होती। पुराने टैग में बचा बैलेंस नियमों के अनुसार नए टैग में ट्रांसफर हो सकता है। नया टैग मिलने के बाद उसे गाड़ी की आगे वाली विंडस्क्रीन के अंदर सही जगह चिपकाएं।
सफर से पहले ये काम जरूर करें
लंबे सफर पर निकलने से पहले FASTag का बैलेंस जांचें और देखें कि टैग उखड़ा या खराब तो नहीं है। अगर चार से पांच साल पुराने FASTag में बार बार स्कैनिंग की दिक्कत आ रही है तो उसे बदलवा लेना बेहतर है। टैग पर तेज केमिकल या क्लीनिंग प्रोडक्ट न लगाएं। याद रखें कि सक्रिय FASTag और टोल सिस्टम की खराबी पर मुफ्त पास मिल सकता है लेकिन खराब टैग या कम बैलेंस होने पर आपको शुल्क देना पड़ सकता है।