JPSC-JSSC Paper Cancel: झारखंड सरकार ने छात्रों के भारी विरोध और परीक्षाओं में हुई धांधली को देखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने देर रात 8 अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी कर 44 भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। इन नोटिफिकेशन में रद्द की गई परीक्षाओं की जानकारी है, जो 2014 के बाद से झारखंड लोक सेवा आयोग और आउटसोर्सिंग एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित कराया गया था।
कौन-कौन सी परीक्षाएं हुई रद्द
राज्य सरकार की ओर से कैंसल की गई परीक्षाओं में डिप्टी कलेक्टर, सिविल जज, अतिरिक्त लोग अभियोजक, वन क्षेत्राधिकारी, दंत चिकित्सक, औषधि निरीक्षक, सहायक अभियंता, सहायक प्राध्यापक, सरकारी पॉलिटेक्निक में प्रवक्ता, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी और सहायक वन संरक्षक पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं।
फास्ट ट्रैक कोर्ट का करेंगे अनुरोध
राज्य सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी)- झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) में हुई धांधली और अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जल्द सुनवाई के लिए राज्य सरकार हाई कोर्ट से फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध करेगी। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए जेपीएससी-जेएसएससी के अंदर ही एक इंटरनल विजिलेंस सेल भी बनाया जाएगा।
बनाई जाएगी समिति
राज्य सरकार ने कहा कि JPSC और JSSC में परीक्षा सुधारों पर व्यापक अध्ययन करने के लिए IAS अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक समिति बनाई जाएगी। इस कमेटी में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक प्रतिष्ठित संस्थान के निदेशक भी शामिल होंगे। यह समिति अगले 2 महीनों के भीतर JPSC और JSSC की परीक्षा प्रणाली में सुधार करने के लिए अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।