FIR on fake news: दिल्ली में शिक्षकों से आवारा कुत्तों की गिनती कराए जाने को लेकर फैले विवाद में अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शिक्षा निदेशालय (DoE) की शिकायत के आधार पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर झूठी और गुमराह करने वाली जानकारी फैलाने के मामले में FIR दर्ज की है। आरोप है कि इस तरह का कंटेंट जानबूझकर भ्रम फैलाने और शिक्षा विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने के मकसद से साझा किया गया। शिक्षा निदेशालय का कहना है कि शिक्षकों को कुत्तों की गिनती से जुड़ा कोई आदेश कभी जारी नहीं किया गया था, लेकिन सर्कुलर की गलत व्याख्या कर उसे फेक न्यूज बना दिया गया।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद का AAP पर तीखा प्रहार
इस पूरे मामले पर दिल्ली सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि AAP के नेताओं के पास झूठ फैलाने के अलावा कोई काम नहीं बचा है। सूद ने शिक्षा निदेशालय के सर्कुलर को पढ़कर यह स्पष्ट किया कि उसमें केवल स्कूलों और स्टेडियमों में आवारा कुत्तों की एंट्री रोकने के लिए नोडल ऑफिसर नियुक्त करने की बात कही गई थी, न कि शिक्षकों से किसी तरह की गिनती या सर्वे कराने की। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस झूठ को बढ़ावा दिया और कई अन्य हैंडल्स से भी भ्रामक जानकारी फैलाई गई।
यह भी देखेंःSuspicious Death: मुखर्जी नगर फ्लैट में संदिग्ध मौत, मथुरा की महिला का शव फंदे से लटका मिला
‘विक्टिम कार्ड खेलेगी AAP’, खर्चों पर भी सवाल
आशीष सूद ने कहा कि जैसे ही पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी, आम आदमी पार्टी विक्टिम कार्ड खेलना शुरू कर देगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह कार्ड AAP नेताओं की जेब में हमेशा तैयार रहता है। शिक्षा मंत्री ने पिछली सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई स्कूल भवन अधूरे छोड़ दिए गए और योजनाओं के नाम पर भारी विज्ञापन खर्च किया गया। उन्होंने दावा किया कि हैप्पीनेस और देशभक्ति जैसे कार्यक्रमों पर करोड़ों रुपये प्रचार में खर्च हुए। अंत में सूद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत बच्चों की सुरक्षा के लिए अगर स्कूलों में नोडल ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं, तो इसे शिक्षकों से कुत्तों की गिनती कराने से जोड़ना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।