फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी भारतीयों के सबसे भरोसेमंद निवेश विकल्पों में से एक माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और तय ब्याज दर के साथ निश्चित रिटर्न मिलता है। यही वजह है कि जोखिम से बचने वाले निवेशक एफडी को प्राथमिकता देते हैं। लेकिन केवल एफडी खोल देने भर से काम नहीं चलता। अगर कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखा जाए, तो उसी एफडी पर आपको ज्यादा ब्याज और बेहतर रिटर्न मिल सकता है। इसलिए निवेश करने से पहले सही प्लानिंग बेहद जरूरी है।
टेन्योर पर ध्यान देना चाहिए
सबसे पहले एफडी की अवधि यानी टेन्योर पर ध्यान देना चाहिए। कई लोग बिना सोचे-समझे लंबी अवधि की एफडी कर देते हैं, जबकि उन्हें कुछ समय बाद पैसे की जरूरत पड़ जाती है। अगर आपको जल्द ही धन की जरूरत है, तो छोटी अवधि वाली एफडी सही रहेगी। इसके उलट, अगर आपका पैसा लंबे समय तक इस्तेमाल में नहीं आने वाला है, तो लंबी अवधि की एफडी चुनना फायदेमंद हो सकता है। अलग-अलग अवधि पर बैंकों की ब्याज दर भी अलग होती है, इसलिए समयावधि का सही चुनाव रिटर्न बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ये भी पढ़ें : 90 के पार पहुंचा रुपया आपकी जेब पर कैसा पड़ेगा असर? असली मार अभी बाकी है, पढ़ें
FD कराने से पहले एक और जरूरी काम
एफडी कराने से पहले एक और जरूरी काम है विभिन्न बैंकों की ब्याज दरों की तुलना। कई बार लोग अपने ही बैंक में एफडी करा देते हैं, जबकि दूसरे बैंक उसी अवधि पर ज्यादा ब्याज दे रहे होते हैं। ब्याज दरें समय-समय पर बदलती रहती हैं, इसलिए एफडी करवाने से पहले तुलना करना बेहद जरूरी है। इससे आप न सिर्फ बेहतर ब्याज पा सकते हैं, बल्कि अपनी राशि पर अधिकतम रिटर्न भी सुनिश्चित कर सकते हैं। यह छोटा सा कदम आपको आने वाले वर्षों में काफी फायदा दे सकता है।
टैक्स-बचत का विकल्प भी ध्यान में रखें
एफडी चुनते समय टैक्स-बचत का विकल्प भी ध्यान में रखना चाहिए। 5 साल की टैक्स-सेविंग एफडी इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत टैक्स छूट प्रदान करती है। इसका मतलब है कि इस एफडी में निवेश करने पर आपको टैक्स नहीं देना होगा, जिससे आपका वास्तविक रिटर्न और बढ़ जाएगा। हालांकि, टैक्स-सेविंग एफडी को मियाद खत्म होने से पहले तोड़ा नहीं जा सकता, इसलिए इसे तभी चुनें जब आप लंबे समय तक पैसे लॉक करने के लिए तैयार हों। इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर की गई एफडी आपके निवेश को ज्यादा सुरक्षित और ज्यादा फायदेमंद बना सकती है।