Flydubai Co Pilot Attack : फ्लाईदुबई फ्लाइट में हुए हमले को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान ओमानी को-पायलट हमम अल-हम्मामी ने दावा किया कि उसने यह हमला गाजा का बदला लेने के लिए किया था। रिपोर्ट के मुताबिक उसने अधिकारियों से कहा कि वह "शहीद होकर मरना चाहता था"। उसके इस बयान के बाद जांच एजेंसियां मामले को और गंभीरता से देख रही हैं।
गाजा हमले से जोड़ रहा वजह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अल-हम्मामी ने बताया कि उसके कदम के पीछे गाजा युद्ध का गुस्सा था। अब अधिकारी उसके फोन रिकॉर्ड, विदेश यात्राओं और पुराने संपर्कों की जांच कर रहे हैं। जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि उसने यह योजना अकेले बनाई थी या उसके साथ कोई और भी जुड़ा हुआ था।
कट्टर सोच के आरोप भी सामने
जांच के बीच अल-हम्मामी को लेकर कई और जानकारियां भी सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसे पिछले साल ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन से हटा दिया गया था। उस पर कट्टरपंथी सोच रखने के आरोप लगे थे। वहीं सोशल मीडिया पर उसके नाम से जुड़े अकाउंट्स में इजरायल और चरमपंथी संगठनों से जुड़ा कंटेंट मिलने की भी बात कही जा रही है।
लैंडिंग से पहले हुआ बड़ा हमला
यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 में हुई थी। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 170 से ज्यादा यात्री सवार थे। बताया गया कि लैंडिंग से करीब एक घंटे पहले अल-हम्मामी ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। इसी दौरान विमान कुछ सेकंड में हजारों फीट नीचे आ गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
कैप्टन और यात्रियों ने बचाई जान
हालात बेहद खतरनाक हो चुके थे, लेकिन कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने हमले का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खुलवाने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद यात्रियों को स्थिति का पता चला और उन्होंने भी को-पायलट को काबू करने में मदद की। फ्लाइट में मौजूद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी तुरंत विमान का कंट्रोल संभाल लिया।
इसे भी पढ़ें : इन पांच खिलाड़ियों में आखिर क्या था खास? वजह जानकर आप भी करेंगे सलाम
आखिर कितना बड़ा हादसा टल गया
जांच में यह भी सामने आया है कि अल-हम्मामी पहले भी ऐसे हमले के बारे में सोच चुका था। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने जुलाई में भी एक प्लान बनाया था, लेकिन आखिरी समय पर उसे छोड़ दिया। अगर इस बार यात्रियों, कैप्टन और अन्य पायलटों ने समय रहते कार्रवाई नहीं की होती, तो यह घटना एक बड़े विमान हादसे में बदल सकती थी। यही वजह है कि अब पूरी दुनिया की नजर इस जांच पर टिकी हुई है।