
Former DUSU president Raunak Khatri: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री को 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। उन्हें यह धमकी व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर से भेजे गए संदेश के जरिए दी गई। धमकी देने वाला खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बता रहा है। यही नहीं, धमकी देने वाले ने कई बार व्हाट्सएप कॉल भी किए। धमकी भरे संदेश में लिखा गया कि "बहुत हुई नेतागिरी, अब 5 करोड़ दो या मरने के लिए तैयार रहो।" इस मामले की सूचना खत्री ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, साइबर सेल की मदद से जांच
दिल्ली पुलिस ने फिरौती और धमकी के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह जांच की जा रही है कि धमकी वास्तव में रोहित गोदारा ने ही दी है या कोई व्यक्ति उसका नाम लेकर भय पैदा करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से विदेशी नंबर की लोकेशन और आईपी एड्रेस की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। जांच अधिकारी का कहना है कि अक्सर इस तरह के संदेश पैसों की वसूली और डराने के लिए भेजे जाते हैं।
यह भी देखेंःAction Against Bareilly Violence: बरेली हिंसा पर सख्त कार्रवाई, नगर निगम ने तौकीर रज़ा का दफ़्तर किया सील
सुरक्षा बढ़ाई गई, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने रौनक खत्री की सुरक्षा बढ़ा दी है और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। यह घटना न केवल छात्र राजनीति से जुड़े नेताओं बल्कि आम लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर रही है।