Free health card: पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में एक ऐसी स्वास्थ्य योजना लागू की है, जिसे देश की सबसे व्यापक सार्वभौमिक स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में गिना जा रहा है। इस योजना के तहत राज्य के हर परिवार को हर साल 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इसमें न तो आय की कोई सीमा है और न ही उम्र की, यानी अमीर-गरीब, युवा-बुजुर्ग सभी इसका लाभ उठा सकते हैं।
कौन ले सकता है लाभ
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना पंजाब के सभी मूल निवासियों के लिए है। जिन परिवारों के पास पंजाब की वैध वोटर आईडी है, वे इस योजना के पात्र हैं। 18 साल से कम उम्र के बच्चों को माता-पिता के कार्ड से कवर किया जाएगा। सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी और कॉन्ट्रैक्ट या आउटसोर्सिंग पर काम करने वाले लोग भी योजना में शामिल हैं। इस योजना में किसी तरह की आय सीमा लागू नहीं की गई है।
हेल्थ कार्ड कैसे बनवाएं
योजना का लाभ लेने के लिए हेल्थ कार्ड जरूरी है। यह कार्ड कॉमन सर्विस सेंटर, सुविधा केंद्र या ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए बनवाया जा सकता है। आधार कार्ड और वोटर आईडी के आधार पर रजिस्ट्रेशन होगा। सरकार ने यह भी व्यवस्था की है कि प्रशिक्षित युवा स्वयं घर-घर जाकर लोगों को पंजीकरण में मदद करेंगे।
यह भी देखेंःIndia moves quickly on Plan B: प्लान-B पर भारत की तेज चाल, EU के साथ बड़ी ट्रेड डील की तैयारी
किन बीमारियों का इलाज
इस योजना में 2,300 से ज्यादा इलाज पैकेज शामिल हैं। हृदय रोग, कैंसर, किडनी डायलिसिस, न्यूरो सर्जरी, हड्डी प्रत्यारोपण, प्रसूति सेवाएं, आईसीयू और आपातकालीन इलाज जैसी गंभीर सेवाएं भी इसमें कवर हैं। अस्पताल में भर्ती से पहले और बाद का इलाज, जांच और दवाएं भी योजना का हिस्सा हैं।
कहां मिलेगा इलाज
पंजाब में 820 से ज्यादा सरकारी और निजी अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कई नामी निजी अस्पताल शामिल हैं। लाभार्थी को अस्पताल में सिर्फ अपना हेल्थ कार्ड दिखाना होगा, इलाज पूरी तरह कैशलेस होगा। इलाज के बाद भुगतान सीधे सरकार और बीमा एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य यही है कि पैसों की कमी के कारण किसी भी नागरिक का इलाज न रुके।