LPU And Chitkara Protest: पंजाब की दो प्रमुख निजी यूनिवर्सिटीज चितकारा यूनिवर्सिटी और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बाद भारी हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला। हालात का काबू में करने के लिए एलपीयू प्रशासन ने 10 दिनों तक के लिए क्लासेस सस्पेंड कर दी हैं और मिड-टर्म एग्जाम भी टाल दिए हैं। कैंपस में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई है और 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने DGP को मौके पर भेजकर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
चितकारा यूनिवर्सिटी में क्या हुआ
घटना की शुरुआत 25 सितंबर की रात चितकारा यूनिवर्सिटी से हुई। सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स पर अफवाह फैली कि ग
र्ल्स हॉस्टल के एक कमरे में पैरानॉर्मल एक्टिविटीज हो रही हैं, चीखें सुनाई दे रही हैं और दो लड़कियां लापता है। ये अफवाहें 2019 में एक एलुमनस की कथित आत्महत्या से जुड़ी थीं जिसका 'भूत' अब भी उस कमरे में दिखने का दावा किया जा रहा था।
पुलिस का खुलासा
पंजाब पुलिस के मुताबिक कुछ छात्रों ने स्पीकर पर हॉरर साउंड बजाई थीं, जिससे यह अफवाह फैली। वहीं, छात्रों ने ये भी दावा किया कि 24 सितंबर की सुबह एक एंबुलेंस कैंपस में आई थी। जिसको लेकर यूनिवर्सिटी ने सफाई देते हुए कहा कि कैंपस में एंबुलेंस आने की वजह एक बीमार छात्रा को अस्पताल से वापस लाना था और जिस व्यक्ति को पंडित बताया जा रहा था, वे असल में एक छात्रा के पिता थे।
छात्रों ने 25 सितंबर को किया था प्रदर्शन
बता दें, अफवाहों से गुस्साए सैकड़ों छात्रों ने 25 सितंबर की देर रात प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि लापता बताई जा रही लड़कियों के नाम या रोल नंबर किसी के पास नहीं थे।
LPU रेप और सुसाइड
चितकारा की घटना के 24 घंटे के अंदर 26 सितंबर की रात LPU कैंपस के हॉस्टल नंबर G-3 के रुम नंबर 504 को लेकर खबर फैली कि एक छात्रा के साथ बाहरी व्यक्ति ने रेप किया है और उसने सुसाइड कर लिया है। छात्रों का दावा था कि वार्डन को घटना की जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हजारों छात्र सड़क पर उतर आए
इसके बाद 27 सितंबर को दोपहर 1 बजे तक हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कैंपस में तोड़फोड़ की, आगजनी की और दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे NH-44 को जाम कर दिया। हाईवे खाली कराने पहुंची पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। झड़प में पुलिस की दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया और 4-5 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई।
LPU की सफाई
इस मामले में यूनिवर्सिटी ने रेप और सुसाइड की खबरों को पूरी तरह से खारिज करते हुए एक वीडियो जारी किया, जिसमें उस कमरे की तीन छात्राओं ने खुद सामने आकर घटना को अफवाह बताया।
LPU मामले में SIT का गठन
LPU मामले में रेप की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई है, जिसमें पुलिस अधिकारिकयों के साथ 5 छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। पंजाब डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक मौसे से एक बाहरी व्यक्ति को वॉकी-टॉकी और हथियार के साथ हिरासत में लिया गया है। वहीं, जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने कहा कि छात्राओं का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की पूरी जांच होगी।
यह भी पढ़ें: LPU में बवाल के बाद 10 दिन के लिए क्लासेस सस्पेंड, इलाके में इंटरनेट सेवा ठप; CM मान ने दिए जांच के आदेश
चिटकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं
चिटकारा यूनिवर्सिटी में पुलिस ने अब तक छात्रों के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया है, लेकिन अफवाहें फैलाने वालों की पहचान के लिए जांच चल रही है. यूनिवर्सिटी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि बिना पुष्टि वाली सोशल मीडिया पोस्ट्स पर भरोसा न करें।