
Murder In Meerut: मेरठ में बुधवार शाम को उस वक्त हड़कंप मच गया जब कचहरी से लौट रहे एक कुख्यात गैंगस्टर सलीम उर्फ मोगली को बाइक सवार हमलावरों ने सरेआम गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज वारदात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पूर्वा शेखलाल इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार सलीम जैसे ही अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी पीछा कर रहे दो हमलावरों ने उसे रोककर दो गोलियां दाग दीं और मौके से फरार हो गए। घायल सलीम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गैंगस्टर था सलीम, कई थानों में थे केस दर्ज
मृतक की पहचान सलीम (45) पुत्र कुतुबुद्दीन निवासी पहलवान कॉलोनी अब्दुल्लापुर के रूप में हुई है। वह कचहरी में पेशी के बाद घर लौट रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सलीम एक कुख्यात गैंगस्टर था, जिसे लोग सलीम उर्फ दीवाना उर्फ मोगली के नाम से जानते थे। लिसाड़ी गेट, ब्रह्मपुरी और मेडिकल थाना क्षेत्र समेत कई जगहों पर उसके खिलाफ करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटकर आया था और हाल ही में उसने किसी को जान से मारने की धमकी दी थी।
यह भी पढ़ेंःIndia launched NISAR: भारत ने रचा अंतरिक्ष में इतिहास: ISRO-NASA ने मिलकर लॉन्च किया 'NISAR' सैटेलाइट
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को आशंका है कि धमकी देने के बाद बदले की भावना में उसकी हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है।