
India launched NISAR:भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. बुधवार शाम 5:40 बजे इसरो और नासा के साझा मिशन 'NISAR' को श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया. करीब 1.5 अरब डॉलर की लागत वाले इस मिशन से अब धरती की बारीक से बारीक हलचल पर नजर रखी जा सकेगी. यह सैटेलाइट प्राकृतिक आपदाओं की पहचान और उनसे निपटने के उपायों में अहम भूमिका निभाएगा.
NISAR की खासियत और तकनीक
करीब 2,392 किलोग्राम वजनी और 51.7 मीटर लंबा यह सैटेलाइट भारत के GSLV-F16 रॉकेट से लॉन्च किया गया। इसे सूर्य-समकालिक कक्षा में स्थापित किया गया है, जहां से यह पूरी पृथ्वी की निगरानी करेगा. यह उपग्रह हर 12 दिन में धरती के भूभाग और बर्फ से ढके क्षेत्रों को स्कैन करेगा. साथ ही इसमें मौजूद स्वीपएसएआर तकनीक 242 किलोमीटर चौड़े इलाके की हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें लेने में सक्षम है, जिससे दुनिया भर के वैज्ञानिकों को मौसम, जलवायु और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई जानकारी मिलेगी.
वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत होती स्थिति
ISRO प्रमुख डॉ. वी. नारायणन ने इस उपलब्धि को भारत की तकनीकी ताकत का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि 1975 में आर्यभट्ट के लॉन्च से शुरू हुआ सफर अब वैश्विक साझेदारी की ऊंचाई छू रहा है. निसार न केवल विज्ञान के क्षेत्र में भारत की विश्वसनीयता को बढ़ाएगा, बल्कि यह भी साबित करेगा कि भारत अब उपग्रह प्रौद्योगिकी में अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है.