आज कल के समय में लगभग हर घर में गैस सिलेंडर से ही खाना बनाया जाता है. फिर वो शहर हो या चाहें गांव-देहात, कुछ ही जगहों पर चूल्हे पर खाना बनाया जाता है. ऐसे में हर घर की जरूरत बन गया है गैस सिलेंडर. वहीं इस समय चल रहे शादियों के सीजन के कारण सिलेंडर की मांग भी बढ़ गई है. सिलेंडर की डिलीवरी स्लो हो जाने के कारण कई घरों में समय पर सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहा है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है.
गैस सर्विस प्रोवाइडर की हेल्पलाइन पर करें शिकायत
दरअसल शादियों के दौरान डिस्ट्रीब्यूटर के पास बुकिंग की लाइन लंबी हो जाती है. इसके कारण डिलीवरी बॉय एक ही दिन में कई ऑर्डर पूरे नहीं कर पाते और देरी बढ़ती चली जाती है. वहीं बात करें शहरों की तो यहां पर स्लॉट फुल होने की समस्या सामने आती है, जबकि छोटे इलाकों में सिलेंडर की कमी नजर आने लगती है. यदि आपकी एजेंसी भी बार-बार लेट डिलीवरी दे रही है या फिर फोन उठाना भी बंद कर चुकी है. तो इसके लिए सबसे पहले आप अपने गैस सर्विस प्रोवाइडर की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें. इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस तीनों की कस्टमर केयर टीम तय समय में एक्शन लेने के लिए बाध्य रहती है. इस शिकायत के दर्ज होते ही ट्रैकिंग भी शुरू हो जाती है.
ये भी पढ़ें : Aadhaar में मोबाइल नंबर बदलना अब मुश्किल नहीं, UIDAI करने वाला है ये बड़ा बदलाव!
ऑनलाइन पोर्टल से ट्रैक कर सकते हैं डिलीवरी
हर कंपनी का अपना एक ऑनलाइन पोर्टल होता है, जहां पर आप अपनी डिलीवरी ट्रैक कर सकते हैं. इसके साथ ही ओटीपी बेस्ड वेरिफिकेशन देख सकते हैं और शिकायत का स्टेटस भी चेक कर सकते हैं. अगर सिलेंडर की डिलीवरी समय से बहुत ज्यादा आगे बढ़ रही है तो पोर्टल तुरंत शिकायत का ऑप्शन दिखाता है.
फोन पर ही मिल जाती है रियल टाइम अपडेट
आज के समय में मोबाइल ऐप लोगों के लिए सबसे आसान सुविधा है. प्ले स्टोर में इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस के ऑफिशियल ऐप आपको आसानी से मिल जाएंगे. इनमें आप लेट डिलीवरी, गलत डिलीवरी या मिसबिहेवियर जैसी हर समस्या को लेकर रिपोर्ट कर सकते हैं. इस ऐप का फायदा यह होता है कि सारी अपडेट्स आपके फोन पर रियल टाइम में मिलती रहती हैं.
जिला नियंत्रण कार्यालय में कर सकते हैं शिकायत
यदि आपको भी लगता है कि आपकी एजेंसी जानबूझकर डिलीवरी टाल रही है. आपसे एकस्ट्रा पैसे मांग रही है या जवाब ही नहीं दे रही है. तो आप सीधे जिला नियंत्रण कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं. यहां से जांच शुरू होती है और गलत पाए जाने पर एजेंसी पर कार्रवाई की जाती है.
हेल्पलाइन या पोर्टल के जरिए दर्ज करा सकते हैं शिकायत
शादियों के सीजन में सिलेंडर की डिमांड का हाई रहना नार्मल सी बात है लेकिन इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि डिलीवरी लेट हो. आपकी जिम्मेदारी सिर्फ बुकिंग करने तक ही सीमित नहीं है. बल्कि जरूरत पड़ने पर शिकायत दर्ज कराना भी जरूरी होता है. इसके आप चाहें तो हेल्पलाइन या फिर पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं.