GATE 2027 Schedule Released: इंडीयन इस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT Madras) ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2027 परीक्षा का शेड्यूल जारी किया है। जारी शेड्यूल के अनुसार इस बार परीक्षा फरवरी में आयोजित की जाएगी। जिसके लिए रजिस्ट्रेशन 14 अगस्त 2026 से शुरू हो होंगे। रजिस्ट्रेशन करने के लिए कैंडिडेट्स को आधिकारिक वेबसाइट gate.iitm.ac.in पर जाना होगा।
आवेदन की अंतिम तारीख
जारी शेड्यूल के अनुसार GATE 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी और आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 तय की गई है। लेट फीस के साथ आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर तय की गई है। वहीं अगर फॉर्म भरते समय किसी प्रकार की गलती हो जाती है, तो उसके सुधार के लिए 14 अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक का समय मिलेगा।
कब होगी परीक्षा
GATE 2027 परीक्षा का आयोजन 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी 2027 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन सुबह और दोपहर दोनों शिफ्ट में किया जाएगा। वहीं रिजल्ट 19 मार्च 2027 तक जारी किया जा सकता है।
अब कुल 30 पेपर होंगे
बता दें कि फरवरी 2027 में होने वाली गेट परीक्षा के सिलेबस में बदलाव किया गया है। करीब 5 साल बाद सिलेबस में संशोधन किया गया है। पहली बार रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन (RA) नाम से नया परीक्षा पेपर शामिल किया गया है। साथ ही टेक्सटाइल इंजीनियरिंग और फाइबर साइंस (TF) पेपर को इंजीनियरिंग पेपर में शामिल किया गया है। इन बदलावों के बाद GATE 2027 में कुल 30 टेस्ट पेपर होंगे।
यह भी पढ़ें: CBSE-NCERT ने शिक्षकों के लिए आयोजित की खास वर्कशॉप; कक्षा 9वीं की नई किताबों को पढ़ाने के लिए दी गई खास ट्रेनिंग
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क की बात करें, तो 21 सिंतबर तक फॉर्म भरने पर उम्मीदवारों को 2000 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। वहीं एक्सटेंडेंड पीरियड (लेट फीस के साथ) में 2500 का रुपये जमा करना होगा। इसके अलावा एससी/ एसटी/ पीडब्ल्यूडी वर्ग को रेगुलर तिथियों में 1000 रुपये और एक्सटेंडेड तिथियों में 1500 रुपये का भुगतान करना होगा।
क्या है गेट परीक्षा?
GATE देश की प्रमुख इंजीनियरिंग प्रवेश एवं भर्ती परीक्षाओं में से एक है। इसके स्कोर का उपयोग आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी सहित विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश और कई सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) में भर्ती के लिए किया जाता है।