
Gautam Adani makes a big statement: नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (NMIA) अगले सप्ताह आम जनता के लिए खुलने जा रहा है। 8 अक्टूबर को होने वाले भव्य उद्घाटन से पहले अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी ने भावुक पोस्ट साझा करते हुए इसे हजारों हाथों और दिलों से बना एक स्मारक बताया। उन्होंने एयरपोर्ट के निर्माण में योगदान देने वाले दिव्यांग सहयोगियों, श्रमिकों, इंजीनियरों, महिला कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त किया। अडाणी ने कहा कि यह हवाई अड्डा जब उड़ानों और यात्रियों से गुलजार होगा, तब इसमें लगे हर व्यक्ति की भावना और मेहनत की गूंज सुनाई देगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हवाई अड्डा
नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस होगा। इसमें 3,700 मीटर लंबा रनवे है, जो बड़े विमानों की आवाजाही संभाल सकेगा। यहां अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल और एडवांस एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम होंगे। इस एयरपोर्ट से हर साल करीब 2 करोड़ यात्रियों के सफर करने की उम्मीद है। यह न केवल मुंबई महानगर क्षेत्र और पश्चिमी भारत की बढ़ती हवाई यातायात जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि भारत की वैश्विक कनेक्टिविटी को भी मजबूती देगा।
यह भी देखेंःSensation in Bahraich: बहराइच में सनसनी, अधजले घर से 6 लाशें बरामद, जांच में जुटी पुलिस
कनेक्टिविटी और उड़ानों की शुरुआत
यह हवाई अड्डा रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। यह जेएनपीटी बंदरगाह से 14 किमी, तलोजा औद्योगिक क्षेत्र से 22 किमी और ठाणे से 32 किमी की दूरी पर है। डीजीसीए से लाइसेंस मिलने के बाद एयरपोर्ट ने परिचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस उद्घाटन के साथ ही उड़ानें शुरू कर सकती हैं। बाद में यहां से अंतरराष्ट्रीय और वाणिज्यिक उड़ानों का भी संचालन होगा। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से मुंबई और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।