Education Loan: अगर आप पढ़ाई में अव्वल हैं लेकिन कॉलेज या यूनिवर्सिटी की भारी-भरकम फीस की वजह से एडमिशन नहीं ले पा रहे हैं, तो केंद्र सरकार आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आई है। सरकार ने मेधावी छात्रों की मदद के लिए 'पीएम विद्यालक्ष्मी योजना' की शुरुआत की है। इस योजना के तहत योग्य छात्रों को बिना किसी गारंटी और बिना संपत्ति गिरवी रखे एजुकेशन लोन मिल सकता है।
ऑनलाइन होगी प्रक्रिया
आपको बता दें कि इस योजना को 6 नवंबर 2024 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी। इस योजना का मकसद है कि किसी भी होनहार छात्र की पढ़ाई आर्थिक तंगी की वजह से न रुके। यह योजना नई शिक्षा नीति (NEP 2020) के उद्देश्यों के अनुरूप तैयार की गई है और इसकी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।
क्या है पीएम विद्यालक्ष्मी पोर्टल
छात्रों की सहूलियत के लिए सरकार ने PM Vidyalaxmi Portal की शुरुआत की है। यह एक ऐसा सिंगल-विंडो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है जहां छात्र घर बैठे एजुकेशन लोन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। इस पोर्टल पर सरकारी, प्राइवेट, ग्रामीण और सहकारी बैंक जुड़े हुए हैं। छात्र देश या विदेश कहीं भी पढ़ाई करने के लिए लोन ले सकते हैं। इसके लिए छात्रों को पोर्टल पर जाकर बस एक कॉमन एजुकेशन लोन एप्लीकेशन फॉर्म भरना होगा, जिसके बाद वे अपनी पसंद के बैंक में आवेदन भेज सकते हैं और ऑनलाइन ही अपने लोन का स्टेटस भी ट्रैक कर सकते हैं।
क्या मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत देश के टॉप शिक्षण संस्थानों (QHEIs/NIRF रैंकिंग वाले कॉलेज) में एडमिशन लेने वाले छात्रों को बिना किसी सुरक्षा या गारंटी के लोन मिलेगा। योजना के तहत 7.5 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन पर भारत सरकार 75 प्रतिशत तक क्रेडिट गारंटी देती है। जिससे बैंकों के लिए जोखिम कम होगा और छात्रों को आसानी से लोन मिल जाएगा।
ब्याज में बड़ी छूट
जिन परिवारों की सालाना आय 8 लाख रुपये तक है, उन्हें 10 लाख रुपये तक के एजुकेशन लोन पर 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी। वहीं जिन परिवारों की वार्षिक आय 4.5 लाख रुपये या उससे कम है, उन्हें लोन पर पूरी ब्याज सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: UGC NET 2026: नीट के बाद अब यूजीसी नेट पर बवाल; पेपर में AI के इस्तेमाल और पुराने प्रश्न दोहराने का लगा आरोप
22 लाख छात्रों को मिलेगा फायदा
आवेदन से लेकर लोन पास होने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। लोन की रकम भी सीधे डिजिटल रुपया वॉलेट (Digital Rupee Wallet) के जरिए जारी की जाएगी। सरकार का अनुमान है कि इस योजना से हर साल देश के 22 लाख से ज्यादा छात्रों को फायदा पहुंचेगा। यह योजना पहले से चल रही सरकारी लोन योजनाओं को और भी मजबूत बनाएगी।
कैसे करें आवेदन
1. सबसे पहले PM Vidyalaxmi Portal पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करें।
2. इसके बाद Common Education Loan Application Form को ध्यान से भरें।
3. अपनी पसंद का बैंक चुनें और फॉर्म सबमिट कर दें।