AAP leader Amit Palekar quits party: गोवा में आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित पालेकर ने प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजा है। पालेकर लंबे समय से संगठनात्मक फैसलों से असंतुष्ट बताए जा रहे थे। जिला पंचायत चुनावों में हार के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया गया था, जिसके बाद से पार्टी नेतृत्व और उनके बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगे थे।
पद की चाह नहीं थी
अपने इस्तीफे में अमित पालेकर ने साफ कहा कि वे किसी पद या ओहदे की लालसा के साथ सार्वजनिक जीवन में नहीं आए थे। उन्होंने लिखा कि आम आदमी पार्टी से वे इस उम्मीद के साथ जुड़े थे कि यह पारदर्शिता, आंतरिक लोकतंत्र और जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज को महत्व देने वाली राजनीति का विकल्प बनेगी। लेकिन समय के साथ फैसलों की प्रक्रिया और ऊपर से थोपे गए निर्णयों ने उन्हें निराश किया। पालेकर ने कहा कि जब संवाद और सलाह सीमित हो जाती है और निर्णय केवल शीर्ष स्तर पर होते हैं, तो इससे न सिर्फ व्यक्ति बल्कि पूरा संगठन कमजोर होता है।
यह फैसला जल्दबाजी में नहीं
अमित पालेकर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह निर्णय गुस्से या आवेग में नहीं, बल्कि गहन विचार के बाद लिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम उन्होंने आत्मसम्मान और स्पष्टता के साथ उठाया है। पालेकर ने अपने साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे गोवा और अपने निर्वाचन क्षेत्र सेंट क्रूज़ के लोगों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने यह भी दोहराया कि जवाबदेही, जन-केंद्रित शासन और न्याय जैसे मूल्य किसी एक पार्टी से बड़े होते हैं। साथ ही, उन्होंने गोवा के हित में एक मजबूत और एकजुट विपक्ष की आवश्यकता पर भी जोर दिया।