देश में सोने की लगातार बढ़ती कीमतों ने खरीदारी का तरीका बदल दिया है। अब बड़ी संख्या में ग्राहक नकद पैसे देकर नया सोना खरीदने के बजाय अपने पुराने गहनों को एक्सचेंज कर नई ज्वेलरी लेना पसंद कर रहे हैं। ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों के मुताबिक, पुराने सोने के बदले नई ज्वेलरी खरीदने के लेनदेन में सालाना आधार पर करीब 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
ज्वेलरी कंपनियों ने बताई वजह
प्रमुख ज्वेलरी कंपनियों का कहना है कि ऊंची कीमतों के कारण ग्राहकों का रुझान एक्सचेंज की ओर तेजी से बढ़ा है। जॉयअलुक्कास के अनुसार कंपनी की कुल बिक्री में गोल्ड एक्सचेंज का हिस्सा अब 65 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जबकि पहले यह 40 से 45 प्रतिशत के बीच रहता था। वहीं कल्याण ज्वेलर्स में भी एक्सचेंज आधारित बिक्री का हिस्सा बढ़कर 40 से 45 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
महंगे सोने ने बढ़ाया आकर्षण
सरकार की ओर से आयात शुल्क में बढ़ोतरी और सोने की कीमतों में लगातार उछाल के बाद यह ट्रेंड और मजबूत हुआ है। हाल ही में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई, जबकि एक साल पहले यही कीमत करीब 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम थी। ऐसे में ग्राहक पुराने गहनों की मौजूदा ऊंची कीमत का फायदा उठाकर नई ज्वेलरी खरीदना ज्यादा सुविधाजनक मान रहे हैं।
ये भी पढ़ें : रुपये को मिला बड़ा सहारा, Dollar के मुकाबले 50 पैसे मजबूत हुआ भारतीय मुद्रा का भाव
घरों का सोना लौट रहा बाजार में
विशेषज्ञों का मानना है कि गोल्ड एक्सचेंज कार्यक्रम घरों में वर्षों से रखे सोने को दोबारा बाजार में ला रहे हैं। अनुमान है कि भारतीय परिवारों के पास करीब 25,000 टन सोना मौजूद है। पुराने सोने का दोबारा उपयोग होने से नए सोने के आयात पर निर्भरता कम हो सकती है, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी सकारात्मक माना जा रहा है।
बड़े ब्रांड भी दे रहे बढ़ावा
देश के प्रमुख ज्वेलरी ब्रांड भी गोल्ड एक्सचेंज योजनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं। टाइटन ज्वेलरी डिवीजन के अनुसार पिछले आठ महीनों में लाखों ग्राहकों ने अपने पुराने सोने का एक्सचेंज कराया है। इससे कंपनियों को भी ग्राहकों को बनाए रखने और नई बिक्री बढ़ाने में मदद मिल रही है।
आने वाले समय में और बढ़ सकता है ट्रेंड
बाजार जानकारों का मानना है कि यदि सोने की कीमतें इसी तरह ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं तो गोल्ड एक्सचेंज का चलन और तेज हो सकता है। इससे ज्वेलरी कारोबार का स्वरूप भी बदल सकता है, जहां नई खरीदारी के साथ-साथ पुराने सोने की रीसाइक्लिंग और एक्सचेंज भविष्य में बड़ी भूमिका निभाएंगे।