कीमती धातुओं के बाजार में गुरुवार को जबरदस्त उथल-पुथल देखने को मिली। बुधवार को तेज़ी से उछलने के बाद सोना और चांदी के दाम अगले ही दिन अचानक गिर गए। सबसे बड़ा झटका चांदी ने दिया, जिसके दाम देखते ही देखते क्रैश हो गए। MCX पर चांदी 2% से ज्यादा टूटी और करीब 4000 रुपये तक फिसल गई। सोना भी इससे अछूता नहीं रहा और 1000 रुपये के आसपास गिरावट दिखाई दी। निवेशक हैरान हैं कि एक ही दिन में बाजार का रुख इतना कैसे बदल गया।
चांदी में सबसे बड़ी गिरावट
MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव पिछले बंद भाव से टूटकर खुला। दोपहर 2.30 बजे तक चांदी 4,223 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,78,129 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। घरेलू बाजार में भी यही तस्वीर रही। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के रेट के मुताबिक बुधवार को चांदी 1,78,190 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, लेकिन गुरुवार को कारोबार शुरू होते ही यह गिरकर 1,75,713 रुपये पर पहुंच गई। यानी चांदी एक ही दिन में 2477 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।
ये भी पढ़ें : Repo Rate कटते ही शेयर बाजार 'मालामाल' Sensex-Nifty उछले, किन शेयरों ने कराया बड़ा मुनाफा?
सोना भी टूटा, ग्राहकों के लिए राहत की खबर
सोना भी चांदी के नक्शे-कदम पर चला और गुरुवार को फिसलने लगा। MCX पर 5 फरवरी एक्सपायरी वाला सोना 835 रुपये की गिरावट के साथ 1,29,627 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं IBJA द्वारा जारी रेट्स के मुताबिक 24 कैरेट सोना बुधवार को 1,28,214 रुपये प्रति 10 ग्राम पर क्लोज हुआ था, जबकि गुरुवार को इसका ओपनिंग प्राइस 1,27,755 रुपये रहा। यानी सोना झटके में 459 रुपये सस्ता हो गया। शादी सीजन में यह गिरावट ग्राहकों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है।
गिरावट की असली वजह क्या है?
सोना-चांदी के दाम गिरने की बड़ी वजह बताई जा रही है तेज़ प्रॉफिट बुकिंग। पिछले कुछ दिनों में तेजी से बढ़ी कीमतों के चलते ट्रेडर्स ने भारी मात्रा में मुनाफा वसूला, जिससे अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों बाजारों में दबाव बढ़ा। इसके अलावा भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सकारात्मक संकेत मिलने के बाद सुरक्षित निवेश की मांग घटी है। यही कारण है कि सोने–चांदी की रफ्तार अचानक धीमी पड़ गई। हालांकि आम खरीदारों के लिए यह मौका फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि इस समय कम दाम पर खरीदारी का बेहतर अवसर बन गया है।