ग्लोबल बाजार में बढ़ते दबाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को सोना करीब 1,000 रुपये और चांदी लगभग 1,900 रुपये तक टूट गई। ऐसे में निवेशकों के बीच सवाल उठने लगा है कि क्या यह खरीदारी का सही मौका है या कीमतों में अभी और गिरावट आ सकती है।
MCX पर टूटे सोना और चांदी के भाव
सोमवार को एमसीएक्स पर सोना 1,022 रुपये की गिरावट के साथ 1,43,140 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी भी करीब 1,900 रुपये टूटकर 2,19,522 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। शेयर बाजार के साथ कमोडिटी बाजार में भी बिकवाली का असर साफ दिखाई दिया, जिससे दोनों कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ गया।
गिरावट की सबसे बड़ी वजह क्या है?
विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने बाजार का माहौल बदल दिया है। इसी वजह से डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है और इसका सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ा है। इसके साथ ही महंगाई को लेकर बनी अनिश्चितता भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है।
ये भी पढ़ें : Train Ticket Rules: ट्रेन टिकट बुक होने के बाद क्या बदल सकता है और क्या नहीं? जानिए रेलवे के अहम नियम
एक महीने में कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी?
पिछले एक महीने में दोनों धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। 29 मई को एमसीएक्स पर चांदी करीब 2.67 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर थी, जो अब करीब 2.19 लाख रुपये पर आ गई है। यानी चांदी लगभग 48 हजार रुपये सस्ती हो चुकी है। वहीं सोना भी 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर करीब 1.43 लाख रुपये पर पहुंच गया है, यानी इसमें करीब 18 हजार रुपये की गिरावट आई है।
विदेशी बाजार में भी दिखा दबाव
सिर्फ घरेलू बाजार ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं। सोना करीब 4,062 डॉलर प्रति औंस और चांदी करीब 58 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है। वैश्विक बाजार में आई यह नरमी भी भारतीय बाजार की कीमतों पर असर डाल रही है।
क्या अभी खरीदना सही रहेगा?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए मौजूदा गिरावट खरीदारी का मौका हो सकती है। हालांकि एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय धीरे-धीरे निवेश करना बेहतर रहेगा। साथ ही सलाह दी गई है कि निवेश पोर्टफोलियो का 20 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सोना-चांदी में नहीं लगाना चाहिए, ताकि बाजार में उतार-चढ़ाव का असर सीमित रहे।