गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला। एमसीएक्स पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना करीब ₹610 गिरकर ₹1,43,101 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं सितंबर डिलीवरी वाली चांदी लगभग ₹2,000 टूटकर ₹2,21,502 प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। पिछले चार दिनों में चांदी की कीमत करीब ₹15,000 प्रति किलो तक गिर चुकी है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों की नजर बाजार पर बनी हुई है।
सर्राफा बाजार में क्या रहे भाव?
वायदा बाजार में गिरावट के बीच सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना करीब ₹1,43,240 प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना ₹1,31,300 प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना ₹1,07,430 प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता रहा। वहीं चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली और इसका भाव करीब ₹2,35,000 प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। अलग-अलग शहरों में स्थानीय टैक्स और शुल्क के कारण कीमतों में मामूली अंतर देखा गया।
ये भी पढ़ें : China की टेंशन बढ़ाएगा भारत का Plan-B! 35 देशों के साथ बन रहा बड़ा खनिज नेटवर्क
क्यों बदल रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक घटनाक्रमों का असर कीमती धातुओं पर लगातार दिखाई दे रहा है। अमेरिका और पश्चिम एशिया से जुड़े घटनाक्रम, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, डॉलर की चाल और ब्याज दरों को लेकर बढ़ी अनिश्चितता के कारण निवेशकों की रणनीति बदल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी दर्ज की गई, जिसका असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला।
खरीदारी करें या इंतजार?
बाजार जानकारों का मानना है कि फिलहाल सोना और चांदी दोनों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में अल्पकालिक निवेश करने वाले निवेशकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। हालांकि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए मौजूदा गिरावट को चरणबद्ध खरीदारी का अवसर माना जा सकता है। यदि कीमतों में आगे भी नरमी आती है, तो धीरे-धीरे निवेश करने की रणनीति जोखिम कम करने में मदद कर सकती है। आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक संकेतक और भू-राजनीतिक घटनाक्रम इन दोनों कीमती धातुओं की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।