सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन की शुरुआत के साथ ही सोना-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। MCX पर जैसे ही कारोबार शुरू हुआ, चांदी की कीमत में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जहां चांदी 2,39,918 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, वहीं गुरुवार को यह गिरकर 2,35,133 रुपये पर आ गई। यानी ओपनिंग के साथ ही करीब 4,785 रुपये प्रति किलो की गिरावट देखने को मिली, जिसने बाजार को चौंका दिया।
हाई से अभी भी काफी सस्ती
अगर चांदी के ऑल टाइम हाई की बात करें, तो यह अभी भी काफी नीचे ट्रेड कर रही है। एमसीएक्स पर चांदी का हाई 4,39,337 रुपये प्रति किलो रहा है। मौजूदा गिरावट के बाद चांदी अपने उच्च स्तर से करीब 2,04,204 रुपये सस्ती मिल रही है। यानी निवेशकों के लिए कीमतें अभी भी आकर्षक बनी हुई हैं, लेकिन गिरावट ने बाजार में अस्थिरता का संकेत दे दिया है।
सोने में भी आई नरमी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,51,776 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन गुरुवार को इसकी शुरुआत गिरावट के साथ हुई और यह 1,50,647 रुपये पर पहुंच गया। यानी सोना भी करीब 1,129 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया। इससे साफ है कि दोनों कीमती धातुओं में एक साथ दबाव देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें : भारत की रफ्तार पर दुनिया को भरोसा, ग्लोबल संकट के बीच आई बड़ी खुशखबरी
सोना भी हाई से नीचे
सोने की मौजूदा कीमतों को अगर उसके उच्चतम स्तर से तुलना करें, तो इसमें भी बड़ा अंतर देखने को मिलता है। सोने का ऑल टाइम हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा है। मौजूदा कीमत के हिसाब से सोना अपने उच्च स्तर से करीब 52,337 रुपये सस्ता मिल रहा है। यह गिरावट निवेशकों के लिए अवसर भी हो सकती है, लेकिन बाजार के उतार-चढ़ाव को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
तेजी के बाद अचानक ब्रेक
ध्यान देने वाली बात यह है कि इससे ठीक एक दिन पहले ही सोना-चांदी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की खबर के बाद बाजार में उछाल आया था। चांदी तो कारोबार के दौरान 15,000 रुपये तक महंगी हो गई थी, जबकि सोना भी तेजी से ऊपर गया था। लेकिन यह तेजी ज्यादा समय तक टिक नहीं सकी और अगले ही दिन बाजार में गिरावट आ गई।
निवेशकों के लिए क्या संकेत
यह उतार-चढ़ाव साफ दिखाता है कि वैश्विक हालात का असर सीधे कीमती धातुओं पर पड़ रहा है। निवेशकों के लिए यह समय सतर्क रहने का है। बाजार में अवसर जरूर हैं, लेकिन जोखिम भी उतना ही बड़ा है। ऐसे में सोच-समझकर निवेश करना ही समझदारी होगी।