सुबह के कारोबार में ही सोना और चांदी की कीमतों ने ऐसा रुख दिखाया, जिसने निवेशकों और खरीदारों दोनों को हैरान कर दिया। मंगलवार की गिरावट के बाद बुधवार को बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। एमसीएक्स पर सोना 5 हजार रुपये से ज्यादा महंगा हो गया, जबकि चांदी ने 13 हजार रुपये से ज्यादा की छलांग लगा दी।
सुबह के कारोबार में दिखा बड़ा उछाल
बुधवार सुबह अप्रैल डिलीवरी वाला सोना तेजी के साथ खुला और 10:30 बजे तक करीब 5438 रुपये चढ़कर 1,44,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में यह उछाल और भी ज्यादा रहा, जहां सोना 5658 रुपये तक ऊपर गया। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी भी पीछे नहीं रही और 12,439 रुपये की तेजी के साथ 2,36,380 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि शुरुआती स्तर पर इसमें 13,228 रुपये तक की उछाल दर्ज की गई।
ये भी पढ़े : PNG आ गया दरवाजे तक, अब टालना पड़ा भारी तो बंद हो सकती है LPG सप्लाई
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिला सपोर्ट
वैश्विक बाजार में भी सोना-चांदी की चाल मजबूत रही। स्पॉट गोल्ड करीब 2.5 फीसदी चढ़कर 4587 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई। चांदी की बात करें तो इसकी कीमत में भी करीब 3.6 फीसदी की बढ़त आई और यह 73.78 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार की मजबूती का सीधा असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला।
तेजी के पीछे ये रहे बड़े कारण
कीमतों में इस अचानक उछाल की सबसे बड़ी वजह डॉलर की कमजोरी रही। जब डॉलर कमजोर होता है तो सोना-चांदी जैसी धातुएं निवेश के लिए ज्यादा आकर्षक बन जाती हैं। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई और ब्याज दरों को लेकर चिंता कम हुई है, जिससे भी इन धातुओं को सपोर्ट मिला। वैश्विक स्तर पर युद्ध विराम की संभावनाओं ने भी बाजार की दिशा प्रभावित की।
शहरों में अलग-अलग दिखे भाव
देश के प्रमुख शहरों में सोने के दाम अलग-अलग स्तर पर नजर आए। दिल्ली में 22 कैरेट सोना 1,04,912 रुपये प्रति 8 ग्राम और 24 कैरेट 1,14,440 रुपये पर रहा। मुंबई और हैदराबाद में 22 कैरेट सोना 1,04,792 रुपये और 24 कैरेट 1,14,320 रुपये रहा। वहीं चेन्नई में कीमतें सबसे ऊंची रहीं, जहां 22 कैरेट सोना 1,05,992 रुपये और 24 कैरेट 1,15,640 रुपये प्रति 8 ग्राम दर्ज किया गया।