देश में रसोई गैस व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव तेजी से लागू होने जा रहा है। अब जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा पहुंच चुकी है, वहां रहने वालों के लिए इसे नजरअंदाज करना मुश्किल हो सकता है। सरकार का साफ संकेत है कि अगर आपके घर के पास PNG लाइन मौजूद है और आप तय समय में कनेक्शन नहीं लेते, तो LPG सिलेंडर की सप्लाई पर असर पड़ सकता है।
PNG को बढ़ावा देने की बड़ी रणनीति
सरकार का फोकस अब पारंपरिक LPG से हटकर पाइप्ड गैस की ओर बढ़ रहा है। इसका मकसद सिर्फ सुविधा देना नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा व्यवस्था को ज्यादा सुरक्षित और स्थिर बनाना भी है। PNG के जरिए गैस सीधे घर तक पहुंचेगी, जिससे सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और सप्लाई में आने वाली दिक्कतें भी घटेंगी।
ये भी पढ़ें : Railway का बड़ा बदलाव! अब ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक बदल सकेंगे बोर्डिंग स्टेशन
तीन महीने की डेडलाइन बना सकती है मुश्किल
नई व्यवस्था के तहत जिन घरों के पास PNG नेटवर्क तैयार है, वहां कंपनियों को एक तय समय सीमा के भीतर कनेक्शन देना होगा। वहीं उपभोक्ताओं को भी तीन महीने के अंदर यह कनेक्शन लेना जरूरी होगा। अगर कोई जानबूझकर इस सुविधा को नजरअंदाज करता है, तो उसके LPG सिलेंडर की आपूर्ति बंद की जा सकती है। हालांकि तकनीकी बाधाओं वाले मामलों में राहत दी जाएगी।
मनमानी पर लगेगा ब्रेक, सिस्टम होगा मजबूत
इस बदलाव के साथ सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई भी स्थानीय संस्था या अधिकारी पाइपलाइन बिछाने में अनावश्यक बाधा न डाल सके। इससे गैस नेटवर्क का विस्तार तेज होगा और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा। साथ ही, एक ही ईंधन पर निर्भरता कम होने से ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
घर बैठे मिलेगी सूचना, अब फैसला आपका
जिन इलाकों में PNG सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, वहां लोगों को SMS, कॉल या रिकॉर्डेड मैसेज के जरिए जानकारी दी जाएगी। देशभर में ऐसे करीब 60 लाख घर बताए जा रहे हैं, जहां यह सुविधा पहुंच चुकी है। अब ऐसे में उपभोक्ताओं के सामने विकल्प साफ है—समय रहते PNG अपनाएं या फिर LPG सप्लाई के जोखिम के लिए तैयार रहें।