MEXT Scholarship 2027: अगर आप एक भारतीय छात्र हैं और जापान में रहकर अपनी पढ़ाई या रिसर्च करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है। जापान सरकार ने MEXT स्कॉलरशिप 2027 के लिए रास्ते खोल दिए हैं। यह स्कॉलरशिप जापान सरकार के तहत दी जाती है। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो जापान में पढ़ाई करने के साथ-साथ बड़े रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर काम करना चाहते हैं।
जापान की यूनिवर्सिटी में रिसर्च करने का मौका
आपको बता दें कि यह स्कॉलरशिप मुख्य रूप से मास्टर्स, डॉक्टरेट और नॉन-डिग्री रिसर्च छात्रों के लिए उपलब्ध है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को जापान की यूनिवर्सिटी में रिसर्च करने का मौका देना है, लेकिन यह सिर्फ नियमित कोर्सेज में शामिल होने के लिए नहीं है।
एलिजिबिलिटी क्या है?
MEXT स्कॉलरशिप में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास कुछ मुख्य योग्यताएं होनी चाहिए। आवेदक का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास मास्टर्स या डॉक्टरेट प्रोग्राम में एडमिशन लेने के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यताएं होनी चाहिए। वहीं रिसर्च स्टूडेंट बनने के लिए भी कुछ न्यूनतम शैक्षणिक योग्यताएं तय की गई हैं। साथ ही अलग-अलग कोर्सेज के हिसाब से उम्र सीमा तय की गई है। इसके अलावा कुछ प्रोग्राम्स के लिए जापानी या अंग्रेजी भाषा की जानकारी होना जरूरी है। उम्मीदवार को आवेदन करने से पहले जापान एंबेसी की वेबसाइट और MEXT की आधिकारिक घोषणा ध्यान से पढ़ लेना चाहिए।
यह भी पढ़ें: RE-NEET UG 2026: नीट री-एग्जाम को लेकर हाई लेवल बैठक, शिक्षा मंत्री ने दिए फुल प्रूफ तैयारी के निर्देश
स्कॉलरशिप में मिलने वाले फायदे
यह स्कॉलरशिप न सिर्फ आपकी पढ़ाई का खर्च उठाएगी बल्कि आर्थिक मदद भी देती है। साथ ही छात्रों को जापान में आराम से रहने और रिसर्च करने में भी सपोर्ट करती है। इसमें रहने और खाने-पीने के खर्च के लिए हर महीने तय रकम दी जाती है। इसके अलावा ज्यादातर कोर्सेज और प्रोग्राम्स की पूरी ट्यूशन फीस इस स्कॉलरशिप के तहत कवर की जाती है। भारत से जापान जाने और कोर्स पूरा होने के बाद वापस आने के लिए इकोनॉमी क्लास का हवाई टिकट दिया जाएगा। वहीं कुछ प्रोग्राम्स में रिसर्च संबंधी खर्चों के लिए एक्स्ट्रा भत्ता या सेटलमेंट मदद भी दी जा सकती है।
कैसे करें आवेदन?
MEXT स्कॉलरशिप के लिए उम्मीदवार तीन तरीकों से अप्लाई कर सकते हैं। सबसे पहले जापान की किसी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर या रिसर्च सुपरवाइजर से संपर्क करना होता है और अपने प्रोजेक्ट के लिए उनकी मंजूरी लेनी होती है। वहीं दूसरा तरीका एंबेसी की सिफारिश, इसमें छात्र सीधे भारत में स्थित जापान एंबेसी या कांसुलेट के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। तीसरा तरीका छात्र पहले से ही किसी माध्यम से जापान में हैं, वे वहां रहते हुए ही अपने रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए सीधे अप्लाई कर सकते हैं।