RE-NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 के री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी है। इस परीक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर एक हाई लेवल समीक्षा बैठक की है। बैठक में परीक्षा की पूरी पारदर्शिता और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराने पर जोर दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिया कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में पाई गई सभी कमियों को व्यापक रूप से दूर किया जाए। ताकि परीक्षा पूरी तरह 'फुल प्रूफ' हो सके।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत रहे
परीक्षा को सुरक्षित और सुचारु रूप से कराने के लिए शिक्षा मंत्री ने सभी राज्यों के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत रहे। इसके अलावा छात्रों के लिए परिवहन, पीनी के पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
लापरवाही या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा है कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में जो खामियां सामने आई थीं, उन्हें इस बार पूरी तरह से खत्म किया जाए। ऐसे में सरकार की इस सख्ती से साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को लेकर किसी भी तरह की गड़बड़ी या विवाद की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
यह भी पढ़ें: Neet UG Paper Leak 2026: कोचिंग सेंटर्स बने लीक के हब, सीकर से लातूर तक फैला नेटवर्क, CBI खंगाल रही पुराने रिकॉर्ड
21 जून को होगी परीक्षा
आपको बता दें कि नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक के आरोपों के बाद उसे रद्द कर दिया गया था। लेकिन परीक्षा दोबारा से आयोजित की जा रही है। एनटीए ने घोषणा की है कि नीट यूजी परीक्षा अब 21 जून 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी।
10 आरोपियों को किया जा चुका है गिरफ्तार
बता दें कि परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है। पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों ने अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और देशभर में गिरफ्तारियां व विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी है।