
IMD Rain Alert: देश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और इसके चलते भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 31 जुलाई तक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के चलते देश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
राज्यों में अलर्ट, कहीं रेड तो कहीं ऑरेंज
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों जैसे मेरठ, नोएडा, आगरा, झांसी आदि में 29 से 31 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान में जयपुर, कोटा और उदयपुर सहित कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी है, जहां जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका है। मध्य प्रदेश में भी पश्चिमी हिस्सों में अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। हिमाचल के कांगड़ा, मंडी, शिमला जैसे पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी देखेंःIndia launched NISAR: भारत ने रचा अंतरिक्ष में इतिहास: ISRO-NASA ने मिलकर लॉन्च किया 'NISAR' सैटेलाइट
दिल्ली और बिहार में भी असर, NCR में ट्रैफिक का संकट
उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। बिहार के कई जिलों में बिजली गिरने और भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी 4 अगस्त तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 31 जुलाई तक बनी रह सकती है, जिसके बाद कुछ क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता घट सकती है।