Guru Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों की चाल को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि जब भी कोई ग्रह अपनी राशि बदलता है, तो उसका असर सभी 12 राशियों के जीवन में अलग-अलग रूप से देखने को मिल सकता है। अक्टूबर के आखिरी दिन देवगुरु बृहस्पति का गोचर होने जा रहा है। गुरु को ज्ञान, भाग्य, संतान और सुख-समृद्धि का कारक माना जाता है। वहीं, सिंह राशि के स्वामी सूर्य आत्मविश्वास, मान-सम्मान और नेतृत्व क्षमता से जुड़े हैं। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को बृहस्पति सिंह राशि में प्रवेश करेंगे। इस बदलाव को कुछ राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, इस दौरान कामकाज में अड़चनें आ सकती हैं। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने के साथ पारिवारिक रिश्तों पर भी ध्यान देना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि गुरु के इस गोचर के दौरान किन 3 राशियों के जातकों को संभलकर रहने की सलाह दी जाती है।
1. वृषभ राशि (Taurus)
वृषभ राशि के जातकों को कामकाज के मोर्चे पर कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। जिन कामों को आप आसानी से पूरा करने की उम्मीद कर रहे थे, उनमें देरी हो सकती है। नौकरी करने वालों को जिम्मेदारियां बढ़ने के कारण दबाव महसूस हो सकता है। इसका असर उनके मानसिक सुकून पर भी पड़ सकता है। वैवाहिक जीवन में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने की आशंका है। ऐसे में किसी भी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय साथी की बात समझने की कोशिश करें। स्वास्थ्य को लेकर भी लापरवाही ठीक नहीं रहेगी, खासकर खानपान पर ध्यान देना जरूरी होगा।
2. तुला राशि (Libra)
तुला राशि वालों के लिए गुरु का यह राशि परिवर्तन कई मामलों में सतर्क रहने का संकेत दे सकता है। आर्थिक फैसले जल्दबाजी में लेने से बचें। किसी नई योजना में पैसा लगाने से पहले उसके फायदे और नुकसान अच्छी तरह समझ लें। व्यापार करने वाले लोगों को लेनदेन के दौरान अतिरिक्त सावधानी रखनी होगी, खासकर उधार देने या लेने के मामलों में। नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर कुछ मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। सहकर्मियों के साथ मतभेद होने की आशंका है, इसलिए बातचीत के दौरान संयम बनाए रखना बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें: करवा चौथ पर लक्ष्मी नारायण राजयोग का संयोग, 4 राशियों की चमक सकती है किस्मत
3. मीन राशि (Pisces)
मीन राशि के जातकों को इस अवधि में धैर्य के साथ आगे बढ़ना होगा। योजनाओं के मुताबिक काम न होने पर निराशा हो सकती है। ऐसे में जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के बजाय अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना बेहतर रहेगा। नौकरी और कारोबार से जुड़े लोगों को अपने काम में अधिक ध्यान देने की जरूरत पड़ सकती है। पारिवारिक जीवन में भी कुछ बातों को लेकर मनमुटाव हो सकता है। जीवनसाथी या किसी करीबी के साथ बातचीत में गलतफहमी पैदा होने की आशंका है, इसलिए खुलकर बात करना फायदेमंद रहेगा। कार्यक्षेत्र में विरोधियों से सतर्क रहें और अपनी योजनाओं को हर किसी के सामने साझा करने से बचें।