2 lakh LPG cylinder: देश में एलपीजी और ईंधन आपूर्ति को लेकर चल रही चिंताओं के बीच हरियाणा सरकार ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साफ कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और कीमतें भी स्थिर बनी रहेंगी। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले को आम जनता के हित में बड़ा कदम बताया।
सप्लाई चेन पूरी तरह मजबूत
सीएम सैनी के मुताबिक हरियाणा में इस समय 4032 सरकारी पेट्रोल पंप पूरी तरह चालू हैं। इन पर रोजाना औसतन 4804 किलोलीटर पेट्रोल और 12003 किलोलीटर डीजल की बिक्री हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सप्लाई चेन मजबूत है, जिससे किसी भी क्षेत्र में ईंधन की कमी नहीं हो रही।
LPG की भरपूर उपलब्धता
एलपीजी को लेकर भी सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। राज्य में हर दिन करीब 2 लाख सिलेंडर पहुंच रहे हैं, जिनमें से लगभग 1.9 लाख उपभोक्ताओं तक वितरित किए जा रहे हैं। कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई भी सुचारु रूप से जारी है और फिलहाल करीब 1.73 लाख सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि अस्पताल, स्कूल और अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस की सप्लाई बाधित न हो। इसके लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी जरूरी सेवा पर असर न पड़े।
जमाखोरी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही केंद्र सरकार के नए फैसलों के तहत कमर्शियल एलपीजी आवंटन को 70% तक बढ़ाया गया है और घरेलू उत्पादन में भी वृद्धि की जा रही है, जिससे भविष्य में भी आपूर्ति बनी रहे।