
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस कदम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी और समाज में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
योजना का उद्देश्य
लाडो लक्ष्मी योजना का मुख्य मकसद राज्य की महिलाओं को आर्थिक सहयोग देना और उनके जीवन स्तर को सुधारना है। इसके साथ ही सरकार इस योजना के जरिए लिंगानुपात की समस्या को भी दूर करना चाहती है। योजना की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी ताकि किसी तरह की बिचौलागिरी न हो।
पात्रता और शर्तें
इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ नियम और शर्तें तय कर दी गई हैं:
इस योजना का लाभ लेने वाली महिला की उम्र 23 साल या उससे अधिक होनी चाहिए।
अगर महिला अविवाहित है तो उसके पास हरियाणा की कम से कम 15 साल पुरानी नागरिकता होनी चाहिए।
अगर महिला विवाहित है तो उसके पति का भी हरियाणा का स्थायी निवासी होना जरूरी है, और वह कम से कम 15 साल से राज्य में रह रहा हो।
ये भी पढ़ें : India बना टेक्नोलॉजी का नया हब, पहला Vikram 32-bit प्रोसेसर लॉन्च, PM Modi को मिला तोहफ़ा
वहीं इस योजना की शुरुआत में केवल उन्हीं महिलाओं को शामिल किया जाएगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये या उससे कम है। इससे अधिक आय वर्ग की महिलाओं को बाद के चरणों में शामिल किए जाने की तैयारी है।
जो महिलाएं पहले से किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ ले रही हैं या जिन्हें हर महीने 2100 रुपये या उससे अधिक की राशि मिलती है, वे इस योजना के दायरे में नहीं आएंगी।
आवेदन प्रक्रिया
लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को आवेदन करना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और उम्र का दस्तावेज जरूरी होगा। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकते हैं। आवेदन स्वीकृत होने के बाद सीधे लाभार्थी महिला के बैंक खाते में राशि जमा की जाएगी।
समाज में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद
लाडो लक्ष्मी योजना से समाज के कमजोर वर्ग की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। यह योजना न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी बल्कि उन्हें सामाजिक रूप से भी सशक्त बनाएगी। हरियाणा सरकार का मानना है कि इस योजना के जरिए महिलाओं को नए अवसर मिलेंगे और राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम उठाया जाएगा।