Wet iPhone Charging Tips: आजकल के आईफोन शानदार वाटर रेजिस्टेंस फीचर्स और IP68 रेटिंग के साथ आते हैं, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि वे पूरी तरह से 'वाटरप्रूफ' होते हैं। पानी से दुश्मनी सिर्फ आईफोन की ही नहीं, सारे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस की है। अगर आपका आईफोन कभी पानी में गिर जाए या भीग जाए, तो आपको क्या अलर्ट मिलेंगे और इसे कितनी देर बाद चार्जिंग पर लगाना चाहिए।
भेजता है दो तरह के अलर्ट
जब आईफोन के चार्जिंग पोर्ट में पानी चला जाता है, तो फोन आपको सुरक्षित रखने के लिए दो तरह के अलर्ट देता है। पहला अलर्ट "Charging Not Available" का होता है। यह अलर्ट तब आता है जब आईफोन लाइटनिंग केबल से जुड़ा हो और वह नमी को डिटेक्ट कर ले। दूसरा अलर्ट "Liquid Detected in USB-C Connector" का होता है। यह तब आता है जब आईफोन USB-C पोर्ट में पानी डिटेक्ट करता है।
हमेशा के लिए हो सकता हे डेड
अगर आपको स्क्रीन पर इनमें से कोई भी मैसेज दिखे, तो बिना देर किए चार्जिंग केबल को फोन से हटा दें और चार्जर को प्लग से निकाल लें। गीले आईफोन को चार्ज करने से आपका फोन हमेशा के लिए डेड हो सकता है। इसके अलावा चार्जिंग पोर्ट और केबल के भी खराब होने का डर रहता है।
भीगे हुए आईफोन को सुखाने का तरीका
अगर आपके आईफोन में पानी चला गया है, तो आईफोन के चार्जिंग पोर्ट को नीचे की तरफ रखें और अपने हाथ पर फोन को धीरे-धीरे टैप करें ताकि एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल जाए। पानी निकालने के बाद फोन को कम से कम 30 मिनट के लिए किसी सूखी और हवादार जगह पर छोड़ दें। इसके बाद चार्ज करके देखें। अगर आधे घंटे बाद भी चार्जिंग पर लगाने से दोबारा वॉर्निंग मैसेज आता है, तो फोन को तुरंत हटा लें। अब इसे पूरी तरह सूखने के लिए 24 घंटे तक किसी सुरक्षित और हवादार जगह पर रख दें।
क्या चावल में रखने से सूख जाते हैं फोन
अक्सर लोग फोन के भीगते ही उसे कच्चे चावल के डिब्बे में डाल देते हैं। अगर आप इस बात को मानते हैं कि तो बता दें कि ऐसा नहीं होता है। अगर आप गीले फोन को चावलों में रख देते हैं तो इसके खराब होने के चांस और बढ़ जाते हैं। चावल के बारीक टुकड़े और पाउडर आईफोन के चार्जिंग पोर्ट या स्पीकर ग्रिल के रास्ते अंदर जाकर उसके पार्ट्स को हमेशा के लिए जाम कर सकते हैं।