Monsoon Tech Tips: भारत में इस समय ज्यादातर राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। ऐसे मौसम में अक्सर अचानक आई बारिश की वजह से हमारा स्मार्टफोन भीग जाता है। ऐसे में लोग घबराकर कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं, जिससे फोन हमेशा के लिए डेड हो जाता है। अगर आपका फोन भी बारिश में भीग गया है, तो चिंता न करें, बल्कि सही तरीका अपनाकर आप फोन को खराब होने से बचा सकते हैं। तो आइए जानते हैं फोन भीग जाने पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए।
फोन को तुरंत बंद करें
अगर आप फोन भीगने के बाद भी चालू है, तो इस तुरंत स्विच ऑफ कर दें और अगर आपका फोन भीगने के बाद तुरंत बंद हो गया है, तो उसे स्विच ऑन भूलकर भी न करें। क्योंकि गीला फोन ऑन रखने से शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिससे फोन का मदरबोर्ड हमेशा के लिए खराब हो सकता है।
पार्ट्स को करें अलग
फोन भीगने के तुरंत बाद फोन का कवर, सिम कार्ड ट्रे और मेमोरी कार्ड को तुरंत बाहर निकाल लें। अगर आपके पास पुराना फोन है जिसमें से बैटरी निकल सकती है, तो बैटरी भी बाहर कर दें। ऐसा करने से अंदर फंसे पानी को बाहर निकलने की जगह मिलती है।
कपड़े से अच्छी तरह से पोंछें
फोन को स्विच ऑफ करने के बाद और उसके सभी पार्ट्स अलग करने के बाद किसी साफ माइक्रोफाइबर कपड़े या सूती तौलिए से फोन की स्क्रीन और बॉडी पर मौजूद पानी को अच्छी तरह पोंछकर सुखा लें।
हवादार जगह पर रखें
फोन को किसी हवादार कमरे में सूखे तौलिए पर सीधा लिटाकर रख दें और पास में एक पंखा चला दें और फोन को दोबारा चालू करने की जल्दबाजी न करें। फोन को पूरी तरह सूखने के लिए कम से कम 24 से 48 घंटे का समय दें।
भूलकर भी न करें ये 3 गलतियां
चावल में न डालें
फोन भीगने के बाद अक्सर लोग उसे सुखाने के लिए चावल में डाल देते हैं, लेकिन ऐसी गलती बिल्कुल न करें। ऐसा करने से आपका फोन डेड हो सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, चावल नमी बहुत धीरे सोखता है। इसके अलावा, चावल के छोटे टुकड़े और उसका पाउडर चार्जिंग पोर्ट और हेडफोन जैक में फंसकर फोन को और ज्यादा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
हेयर ड्रायर या हीटर का न करें इस्तेमाल
अगर आपका फोन गीला हो गया है, तो उसे सुखाने के लिए भूलकर भी हेयर ड्रायर, ओवन या हीटर का इस्तेमाल न करें। ज्यादा गर्मी मिलने से फोन के प्लास्टिक पार्ट्स पिघल सकते हैं, स्क्रीन का ग्लू खराब हो सकता है और बैटरी में ब्लास्ट का खतरा भी बढ़ जाता है।
फूंक न मारें
अक्सर फोन गीला होने पर लोग फोन के चार्जिंग पॉइंट या स्पीकर में मुंह से फूंक मारते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से पानी बाहर निकलने के बजाय फोन के अंदरूनी हिस्सों में और गहराई तक चला जाता है।