Heavy Rain Alert for 20 States: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने 8 से 11 सितंबर के बीच यूपी, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है, जबकि पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बिजली गिरने और वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, असम और महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
यूपी-बिहार में कई जिलों में तेज बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में 8 सितंबर को खीरी, बहराइच, बलरामपुर, आगरा, कानपुर, सीतापुर, हरदोई, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, गोंडा, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट बताया गया है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, सारण, गया, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है।
उत्तराखंड और पहाड़ी राज्यों में सावधानी जरूरी
उत्तराखंड में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। यहां करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर, चंबा, सोलन, हमीरपुर और बिलासपुर में भी बारिश और आंधी की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन को देखते हुए लोगों और यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली में 11 सितंबर को हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। 8 सितंबर को राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कुपवाड़ा, जम्मू, पुंछ, रियासी, किश्तवाड़ और बारामूला में 8 सितंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 29 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बंगाल की खाड़ी और कई अन्य क्षेत्रों में बने मौसम संबंधी सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।