Indian Weather Report: मौसम विभाग ने 14 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों में तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन राज्यों में तेज बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम और ओडिशा में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में तेज हवाओं का अलर्ट
कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 13 से 19 सितंबर के बीच हल्की बारिश जारी रह सकती है। वहीं केरल, आंध्र प्रदेश और माहे में 14-15 सितंबर को तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेलंगाना में भी 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का अनुमान है।
यह भी देखेंःBRICS Summit: BRICS सम्मेलन भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक सफलता, एक्सपर्ट्स ने की तारीफ
उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
14 सितंबर को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 15 से 17 सितंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
ओडिशा और दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
गणेश पूजा के मौके पर ओडिशा के क्योंझर, मयूरभंज, रायगढ़ा, कोरापुट और गजपति में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है और 17 सितंबर तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होने का अनुमान है। वहीं दिल्ली-NCR में 14 सितंबर को बादल छाए रह सकते हैं और सुबह या दोपहर में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान देखने को मिल सकता है। इससे पहले रविवार को बंगाल, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।