.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D8c39d5c2-b81d-476c-9f51-3f4cf5f89a0d&w=3840&q=75)
Heavy rain alert: देशभर में मॉनसून का दूसरा चरण सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में 23, 24, 25 और 29 अगस्त को भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों में बने कम दबाव क्षेत्र की वजह से झारखंड में 23 अगस्त को भारी से बहुत भारी बरसात होगी। इसके अलावा बिहार और ओडिशा में भी 23 से 29 अगस्त तक अलग-अलग जगहों पर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में झमाझम
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 23 से 25 अगस्त तक लगातार भारी बारिश का दौर चलेगा। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 अगस्त, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 23 से 27 अगस्त तक बारिश का अनुमान है। विदर्भ में 27 और 28 अगस्त को जोरदार बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार में 23 से 26 अगस्त तक और ओडिशा में 23 से 29 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले तीन दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत में अलर्ट
उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में 23 से 26 अगस्त तक बारिश होगी। पूर्वी राजस्थान में 23 और 24 अगस्त को भारी बारिश, जबकि 25 और 26 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी 23 से 26 अगस्त तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। गुजरात में 29 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश होगी, वहीं उत्तरी गुजरात में 23 अगस्त को बेहद भारी बारिश का अनुमान है। कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में भी 23 से 29 अगस्त तक लगातार बरसात जारी रहने की संभावना जताई गई है।