The Kerala Story 2: बॉलीवुड फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' शुक्रवार 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी। लेकिन गुरुवार को केरल हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों का अंतरिम स्टे लगा दिया। वहीं इस फिल्म के मेकर्स ने रोक के खिलाफ अपील की है, लेकिन अभी इसके रिलीज पर असमंजस बना हुआ है। हालांकि हाई कोर्ट ने प्रोड्यूसर्स की रोक के खिलाफ अपील सुनने के लिए हामी भर दी है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म रिलीज हो सकती है। लेकिन फिल्म पर रोक लगने के बावजूद खूब कमाई कर रही है। आखिर ऐसा कैसे हो रहा है?
कोर्ट के आदेश के बावजूद बिक रहे टिकट
कोर्ट के आदेश के बाद ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म और सिनेमा चेन के बीच जबरदस्त कन्फ्यूजन की स्थिति देखी जा रही है। जहां PVR, INOX और सिनेपोलिस जैसी बड़ी नेशनल चेन्स ने BookMyShow जैसे प्लेटफॉर्म से फिल्म के शो हटा दिए हैं, वहीं शुक्रवार सुबह तक कई अन्य थिएटरों में बुकिंग चालू रही। मुंबई में लगभग 21 थिएटर (जैसे मैक्सस सिनेमा) और दिल्ली में करीब 14 सिनेमाघर (जैसे M2K और G3S) अभी भी फिल्म के टिकट बेच रहे हैं, जिससे दर्शक दुविधा में हैं कि फिल्म वाकई रिलीज हुई है या नहीं।
5 हजार टिकट बिके
दिलचस्प बात यह है कि रिलीज पर रोक लगने से पहले ही फिल्म ने बुकमाई शो पर 5 हजार टिकटों की प्री-सेल के साथ बॉक्स ऑफिस पर कमाई शुरू कर दी थी। वहीं सोशल मीडिया पर, दामोदर सिनेमाज़, (जो एक छोटी चेन है), का कहना है कि फिल्म रिलीज़ नहीं हुई है, हालांकि, एम2 के सिनेमाज़, (जो एक नेशनल चेन है), ने शुक्रवार सुबह अनाउंस किया कि फिल्म थिएटर में रिलीज हो गई है।
फिल्म ने इतनी कर ली कमाई
इस बीच द केरल स्टोरी 2 की रिलीज पर स्टे के बावजूद ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क पर इसकी कमाई के आंकड़े भी मौजूद हैं। जिसके मुताबिक इस फिल्म ने शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक 15 लाख रुपये कमा लिए हैं।
फिल्म की टीम
विपुल अमृतलाल शाह द्वारा प्रोड्यूस और कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिलहाल मेकर्स की ओर से इस स्टे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है और पूरी इंडस्ट्री की नजरें हाई कोर्ट के अगले कदम पर टिकी हैं।