होली नजदीक है और बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से बिहार अपने घर जाने की तैयारी कर रहे हैं। हर साल की तरह इस बार भी ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ की उम्मीद है। इसे देखते हुए रेलवे ने कई होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों का मकसद यात्रियों को लंबी वेटिंग और भीड़भाड़ से राहत देना है। बुकिंग ऑनलाइन शुरू हो चुकी है, इसलिए सफर से पहले टिकट जरूर चेक कर लें।
नई दिल्ली से बरौनी के लिए स्पेशल ट्रेन
नई दिल्ली से बरौनी के बीच ट्रेन नंबर 04054 चलाई जाएगी। यह 20 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक रोज शाम 7:50 बजे नई दिल्ली से चलेगी और अगले दिन रात 10:00 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04053, 22 फरवरी से 8 मार्च तक सुबह 12:45 बजे बरौनी से रवाना होकर अगली सुबह 3:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, छपरा और हाजीपुर के रास्ते चलेगी।
नई दिल्ली से सुपौल के लिए विशेष सेवा
सुपौल जाने वालों के लिए ट्रेन नंबर 04060 चलेगी। यह 20 फरवरी से 6 मार्च तक रात 9:35 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 4:00 बजे सुपौल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04059, 22 फरवरी से 8 मार्च तक सुबह 7:00 बजे सुपौल से चलेगी और अगले दिन शाम 4:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह हाजीपुर, बरौनी, मानसी और सहरसा मार्ग से गुजरेगी।
ये भी पढ़ें : दुनिया के बड़े देश कर्ज में डूबे, क्या भारत भी खतरे में? जानिए पूरी तस्वीर
दिल्ली से सीतामढ़ी और लौकहा बाजार रूट
सीतामढ़ी के लिए ट्रेन नंबर 04010, 26 फरवरी और 5 मार्च को रात 11:05 बजे दिल्ली से चलेगी और अगले दिन रात 10:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वापसी में 04009, 27 फरवरी और 6 मार्च को रात 11:55 बजे सीतामढ़ी से रवाना होगी। इसी तरह आनंद विहार से लौकहा बाजार के लिए 04014, 27 फरवरी और 6 मार्च को दोपहर 3:40 बजे चलेगी। वापसी ट्रेन 04013, 28 फरवरी और 7 मार्च को रात 9:30 बजे रवाना होगी।
आनंद विहार से शेखपुरा के लिए भी सुविधा
शेखपुरा जाने वालों के लिए ट्रेन नंबर 04070, 20, 24 और 27 फरवरी के साथ 3 और 6 मार्च को रात 12:20 बजे आनंद विहार से चलेगी और उसी दिन रात 8:30 बजे शेखपुरा पहुंचेगी। वापसी ट्रेन 04069, इन्हीं तारीखों पर रात 10:30 बजे शेखपुरा से चलेगी और अगले दिन शाम 7:00 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। यह ट्रेन पटना और डीडीयू स्टेशन पर भी रुकेगी।
सफर से पहले टिकट जरूर जांचें
रेलवे ने साफ किया है कि इन स्पेशल ट्रेनों की सीटें सीमित हैं। त्योहार के समय अचानक भीड़ बढ़ जाती है, इसलिए पहले से टिकट बुक करना बेहतर रहेगा। यात्रा से पहले समय और तारीख की पुष्टि जरूर कर लें। सही जानकारी और समय पर बुकिंग से आपका होली का सफर आसान और आरामदायक बन सकता है।