Horrific Road Accident in Baghpat: बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। बागड़ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को एक कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे उसमें सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे में पहले चार लोगों की मौके पर मौत हुई थी, जबकि सोमवार दोपहर तक इलाज के दौरान आठ और घायलों ने दम तोड़ दिया।
32 श्रद्धालु पिकअप में थे सवार
जानकारी के मुताबिक, बदायूं के गांव अल्हापुर से 32 लोग राजस्थान के बागड़ धाम की यात्रा पर गए थे। वापस लौटते समय रात करीब पौने दो बजे बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी पिकअप को कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग वाहन के नीचे फंस गए।
मौके पर चार लोगों ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से पिकअप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो चुकी थी। हादसे में करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए थे। घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिल्ली और मेरठ भेजे गए गंभीर घायल
कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया था। इलाज के दौरान सोमवार तक आठ और घायलों की मौत हो गई, जिसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या 12 हो गई। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार घायलों के इलाज और राहत कार्यों में जुटी रहीं।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और उनके इलाज की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और कैंटर चालक की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।