देश में एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने मिलकर नई सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इसके तहत अब कुछ चुनिंदा शहरों में एलपीजी सिलेंडर का ऑर्डर देने पर करीब 30 मिनट में घर तक डिलीवरी की सुविधा मिलेगी।
बिना गैस कनेक्शन भी मिलेगा सिलेंडर
इस नई सेवा की सबसे खास बात यह है कि ग्राहक को पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना जरूरी नहीं है। इससे किराए पर रहने वाले लोग, छात्र, कामकाजी पेशेवर और छोटे परिवार भी आसानी से सिलेंडर मंगा सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा एचपी के 10 किलोग्राम कंपोजिट सिलेंडर और 5 किलोग्राम मेटल सिलेंडर के लिए उपलब्ध कराई जा रही है।
सबसे पहले यहां शुरू हुई सेवा
इस सुविधा की शुरुआत सबसे पहले बेंगलुरु में की गई है। ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप के जरिए सिलेंडर को अन्य सामान की तरह कार्ट में जोड़कर ऑर्डर कर सकते हैं। पहली बार सिलेंडर खरीदने पर नया सिलेंडर दिया जाएगा, जबकि बाद में रिफिल के समय खाली एचपी सिलेंडर लौटाना होगा।

ये भी पढ़ें : चलती ट्रेन में कैसे बनेगा Hydrogen? क्या रॉकेट जैसी तकनीक से दौड़ेगी भारत की नई ट्रेन
नए सिलेंडर की क्या है खासियत?
10 किलोग्राम का कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर हल्का, जंग-रोधी और सुरक्षित माना जाता है। इसका पारदर्शी डिजाइन ग्राहकों को गैस का स्तर देखने में मदद करता है। छोटा आकार होने की वजह से यह अपार्टमेंट, छोटे परिवारों और सीमित जगह वाले घरों के लिए भी सुविधाजनक है।
सुरक्षा का भी रखा गया ध्यान
कंपनी के अनुसार सभी सिलेंडर एचपीसीएल के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए भेजे जाएंगे। डिलीवरी प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए की जाएगी। पहली बार सिलेंडर खरीदने वाले ग्राहकों को पहचान सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।
फिलहाल सीमित शहरों में सुविधा
यह सेवा अभी शुरुआती चरण में है और फिलहाल बेंगलुरु में शुरू की गई है। आने वाले समय में इसे दूसरे शहरों तक भी बढ़ाया जा सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी देशभर में इस सुविधा के विस्तार की कोई आधिकारिक समय-सीमा घोषित नहीं की है।