भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले में मैदान पर हुई बदतमीजी अब आईसीसी तक पहुंच चुकी है। बीसीसीआई द्वारा 21 सितंबर को हुए सुपर-4 मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान की हरकतों को लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
आईसीसी रेफरी के सामने हो सकती है पेशी
सूत्रों की मानें तो बीसीसीआई ने बुधवार को यह शिकायत दर्ज कराई और आईसीसी को इसकी जानकारी ईमेल के जरिए दे दी गई है। अगर रऊफ और फरहान अपने खिलाफ लगे आरोपों को मानने से इनकार कर देते हैं, तो उन्हें आईसीसी एलीट पैनल के रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने पेश होकर सफाई देनी होगी।
पीसीबी ने सूर्या को बनाया निशाना
वहीं इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की शिकायत आईसीसी में की है। पीसीबी का आरोप है कि सूर्या ने 14 सितंबर को मिली जीत को भारतीय सेना को समर्पित किया और पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करके राजनीतिक बयान दिया है। हालांकि नियमों के मुताबिक यह शिकायत सात दिन के भीतर दर्ज होनी चाहिए थी, ऐसे में इसकी वैधता पर सवाल खड़ा होता है।
रऊफ और फरहान की विवादित हरकतें
21 सितंबर को हुए मुकाबले के दौरान हारिस रऊफ ने बॉलिंग करते समय भारतीय सेना की कार्रवाई का मजाक उड़ाते हुए विमान गिराए जाने का इशारा किया था। साथ ही उन्होंने भारतीय ओपनर शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा को गालियां भी दीं थीं। वहीं साहिबजादा फरहान ने चौका लगाने के बाद बल्ले को मशीनगन की तरह चलाने का इशारा किया था। इन इशारों की सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हुई और बीसीसीआई ने अब इसे गंभीरता से लिया है।
इसे भी पढ़ें : West Indies के खिलाफ Team India का ऐलान, गिल को कप्तानी, लेकिन ये दिग्गज गेंदबाज बाहर, पढ़ें पूरी लिस्ट
पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लग सकता है बैन
आईसीसी सुनवाई के दौरान दोनों पाकिस्तानी खिलाड़ियों से सफाई मांगी जाएगी। अगर वे अपनी हरकतों को सही साबित नहीं कर पाए, तो आचार संहिता के उल्लंघन के चलते उन पर बैन भी लगाया जा सकता है। साथ ही यह फैसला मैच के भविष्य और खिलाड़ियों की प्रतिष्ठा पर असर डाल सकता है।
पीसीबी हेड नकवी ने डाला तेल
वहीं ये पूरा मामला यहीं नहीं रुका। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें पुर्तगाली फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो विमान गिरने का इशारा करते दिख रहे थे, जो रऊफ की हरकत से मेल खाता था। जिसके बाद नकवी के इस कदम को भारत के खिलाफ भड़काऊ संदेश माना जा रहा है।
फाइनल में नकवी की मौजूदगी पर सवाल
भारत एशिया कप के फाइनल में पहुंच चुका है। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि क्या भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के साथ मंच साझा करेगी। बीसीसीआई और आईसीसी दोनों इस मामले पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। नकवी के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी या नहीं, इसका फैसला आने वाले दिनों में होगा।