
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अगले महीने दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज का आगाज़ 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा, जबकि दूसरा और आखिरी टेस्ट 10 अक्टूबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. बीसीसीआई ने इस हाई-वोल्टेज सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. सबसे अहम बात ये है कि कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर युवा स्टार शुभमन गिल को दी गई है, जबकि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा उपकप्तान होंगे. इस बार की टीम में कई दिलचस्प बदलाव देखने को मिले हैं.
करुण नायर को बाहर का रास्ता
इंग्लैंड दौरे पर खेले करुण नायर को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, वहीं लंबे समय से घरेलू क्रिकेट और सीमित ओवरों के मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल की टेस्ट टीम में वापसी हुई है. बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देने के लिए यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन और पडिक्कल को जगह दी गई है. इन युवा खिलाड़ियों के साथ टीम का टॉप ऑर्डर बेहद मजबूत नजर आ रहा है. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल और एन. जगदीशन के कंधों पर होगी.
इसे भी पढ़ें : ईमेल से खुला फर्जी आध्यात्म का काला सच,दिल्ली आश्रम में बाबा चैतन्यानंद पर लगे गंभीर आरोप, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ऑलराउंडर्स में वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल शामिल
ऑलराउंडर्स की बात करें तो वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल को टीम में रखा गया है. दोनों खिलाड़ी गेंद और बल्ले से टीम को संतुलन देने का काम करेंगे. वहीं गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजी क्रम की परीक्षा लेंगे. स्पिन विभाग की बागडोर कुलदीप यादव के हाथों में होगी, जिन पर बड़े विकेट निकालने की जिम्मेदारी होगी. इसके अलावा नितीश कुमार रेड्डी जैसे उभरते खिलाड़ी को भी मौका दिया गया है, जिससे टीम में युवा जोश का तड़का और बढ़ गया है.
अनुभव और युवाओं का बेहतरीन मिश्रण
इस टीम का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट अनुभव और युवाओं का बेहतरीन मिश्रण है. शुभमन गिल, केएल राहुल और जडेजा जैसे अनुभवी नाम जहां स्थिरता लाते हैं, वहीं यशस्वी, साई सुदर्शन और पडिक्कल जैसे नए खिलाड़ी ऊर्जा और आक्रामकता जोड़ते हैं. गेंदबाजी यूनिट में बुमराह और सिराज जैसे दिग्गज हैं, तो वहीं कुलदीप यादव और अक्षर पटेल जैसी स्पिन जोड़ी विपक्ष को बैकफुट पर धकेल सकती है. अब फैंस की निगाहें खासतौर पर शुभमन गिल की कप्तानी और युवा बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर होंगी, जो भविष्य की भारतीय टेस्ट टीम की तस्वीर तय करेंगे.