टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर चल रहे विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अपना रुख साफ कर दिया है। ICC ने स्पष्ट कहा है कि बांग्लादेश को इस पूरे घटनाक्रम के लिए किसी भी तरह से दंडित नहीं किया जाएगा। भले ही बांग्लादेश मौजूदा वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका हो, लेकिन उसे ICC रेवेन्यू में उसका तय हिस्सा मिलता रहेगा। सूत्रों के मुताबिक यह फैसला ICC ने खुद लिया है और इस पर किसी अन्य क्रिकेट बोर्ड का दबाव नहीं है। इस फैसले को पाकिस्तान के लिए एक बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
बांग्लादेश को आर्थिक नुकसान नहीं
ICC का मानना है कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद आर्थिक रूप से नुकसान नहीं उठाना चाहिए। इसी वजह से उसे रेवेन्यू शेयर में पूरी हिस्सेदारी दी जाएगी। ICC अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला क्रिकेट के संतुलन और सदस्य देशों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। बांग्लादेश को लेकर यह संदेश भी दिया गया है कि किसी एक विवाद की वजह से किसी देश को आर्थिक तौर पर कमजोर नहीं किया जाएगा।
मुआवजे के तौर पर टूर्नामेंट की तैयारी
ICC ने यह भी स्वीकार किया है कि पिछले साल महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी बांग्लादेश से छिन गई थी। देश में हुए दंगों के चलते उस टूर्नामेंट को दुबई शिफ्ट करना पड़ा था। इसी को ध्यान में रखते हुए अब ICC अगले चक्र में बांग्लादेश को किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी देने पर विचार कर रहा है। सूत्रों के अनुसार अंडर-19 वर्ल्ड कप जैसे किसी ICC इवेंट की मेजबानी बांग्लादेश को दी जा सकती है, ताकि पुराने नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।
पाकिस्तान की मांगों को ICC ने किया खारिज
बैठक के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश की ओर से यह मांग भी उठी कि ICC भारत से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने को कहे। ICC ने इस मांग को साफ तौर पर ठुकरा दिया। परिषद का कहना है कि द्विपक्षीय सीरीज उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। इसी वजह से भारत-पाक-बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज का प्रस्ताव भी खारिज कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : टी20 वर्ल्ड कप के बीच आई खुशखबरी, IPL के बाद सात फेरे लेंगे Rinku Singh, जून में बजेगी शादी की शहनाई
भारत-बांग्लादेश दौरे पर भी नहीं दखल
इस बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि भारत को इस साल बांग्लादेश का दौरा करना चाहिए। इस पर भी ICC ने साफ कहा कि वह किसी देश को किसी अन्य देश के दौरे के लिए बाध्य नहीं कर सकता। ऐसे फैसले संबंधित क्रिकेट बोर्ड और सरकारों पर निर्भर करते हैं। ICC ने साफ कर दिया कि वह इस मामले में कोई दबाव नहीं बनाएगा।
पाकिस्तान को मिला अंतिम समय
लाहौर में हुई लंबी बैठक के बाद पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच पर तुरंत फैसला नहीं लिया। PCB प्रमुख मोहसिन नक़वी ने कहा कि वह इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से सलाह करेंगे। इसके बाद ICC ने पाकिस्तान को एक दिन का समय दिया है। माना जा रहा है कि भारत-पाक मैच को लेकर अंतिम फैसला किसी भी वक्त आ सकता है। ICC की सबसे बड़ी चिंता इस मैच से जुड़ा रेवेन्यू है, क्योंकि यह मुकाबला विश्व क्रिकेट की सबसे बड़ी कमाई वाला मैच माना जाता है।