टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। मैदान पर अपने धमाकेदार खेल से पहचान बनाने वाले रिंकू अब अपनी निजी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। पिछले साल सगाई के बाद अब उनकी शादी को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। रिंकू सिंह आईपीएल 2026 के बाद शादी के बंधन में बंधेंगे और जून महीने में सात फेरे लेंगे।
क्रिकेट शेड्यूल बना शादी में देरी की वजह
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख पहले 18 नवंबर 2025 तय की गई थी। लेकिन व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के चलते यह प्लान टालना पड़ा। इसके बाद फरवरी 2026 में शादी का विकल्प सामने आया, मगर उस वक्त टी20 वर्ल्ड कप 2026 चल रहा था। ऐसे में परिवार ने एक बार फिर शादी टालने का फैसला लिया। अब आईपीएल खत्म होने के बाद जून में शादी करने पर सहमति बनी है, ताकि रिंकू को पूरी तरह परिवार के लिए समय मिल सके।
परिवार ने की शादी की पुष्टि
रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह ने शादी को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और आईपीएल 2026 के बाद यह खास दिन तय किया जाएगा। परिवार का मानना है कि क्रिकेट सीजन खत्म होने के बाद शादी करना सबसे बेहतर रहेगा, ताकि किसी तरह की जल्दबाजी न हो और समारोह अच्छे से हो सके।
कहां होगी शादी और रिसेप्शन
शादी की जगह को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। परिवार के अनुसार, वाराणसी और लखनऊ को संभावित स्थान माना जा रहा है। इन दोनों शहरों में से किसी एक जगह शादी हो सकती है। शादी के बाद अलीगढ़ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस रिसेप्शन में क्रिकेट जगत, राजनीति और समाजसेवा से जुड़े कई बड़े चेहरों के शामिल होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें : रन चेज़ में KL Rahul का जलवा, Mumbai को हराकर Karnataka ने छीना सेमीफाइनल का टिकट
प्रिया सरोज से जुड़ा सियासी कनेक्शन
रिंकू सिंह की होने वाली पत्नी प्रिया सरोज मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद हैं। इसी वजह से शादी को लेकर खास सावधानी बरती जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दूल्हा पक्ष के कई करीबी भाजपा से जुड़े हैं, जबकि दुल्हन पक्ष के लोग समाजवादी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं। यही कारण है कि शादी में सीमित मेहमानों को ही बुलाने का फैसला लिया गया है।
कम मेहमान, बड़ा जश्न
शादी समारोह में सिर्फ परिवार और कुछ करीबी दोस्तों को ही न्योता दिया जाएगा। हालांकि, अलीगढ़ में होने वाले रिसेप्शन में बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। इस तरह रिंकू सिंह की शादी सादगी और भव्यता का खास मेल होगी। क्रिकेट फैंस भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि मैदान के इस स्टार की जिंदगी की यह नई पारी कब शुरू होती है।