Maharana Pratap Jayanti: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति तेज कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में महाराणा प्रताप जयंती समारोह के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने बीजेपी सरकार पर भी तीखा हमला बोला।
बीजेपी पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी को “दरारवादी” पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा समाज में विभाजन और आपसी झगड़े पैदा करने का काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास और रोजगार को लेकर कोई ठोस एजेंडा नहीं है। सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी केवल नकारात्मक राजनीति कर रही है और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
बैलेट पेपर की मांग दोहराई
अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लंबे समय से बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती रही है। उन्होंने इंग्लैंड के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देशों में आज भी बैलेट पेपर से मतदान होता है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी ईवीएम से भी चुनाव जीतेगी और सत्ता में आने के बाद चुनाव प्रणाली में बदलाव की मांग जारी रखेगी।
कानून व्यवस्था पर सरकार घिरी
एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार का “जीरो टॉलरेंस” का दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है और प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और लोकतंत्र तथा संविधान को मजबूत करने के लिए संघर्ष जरूरी है।
क्षत्रिय समाज को साधने की कोशिश
महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी मुख्यालय में प्रदेशभर से करीब 500 लोगों को आमंत्रित किया गया था। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनाव से पहले क्षत्रिय वोट बैंक को साधने की सपा की रणनीति के तौर पर देख रहे हैं। इस दौरान अखिलेश यादव ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसमें चेतक और स्वर्ण भाला भी दर्शाया जाएगा।