
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और खराब मौसम की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार, 9 से 13 अगस्त तक मानसून दोबारा तेज हो गया है और इसका असर उत्तर भारत, उत्तर-पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत में दिखाई देगा. कई राज्यों में भूस्खलन, जलभराव और बिजली गिरने जैसे खतरे भी हो सकते हैं.
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट
8 अगस्त को पूर्वी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि 11 से 13 अगस्त तक कई जिलों में गरज-चमक और तेज बारिश की संभावना है. लखनऊ मौसम केंद्र ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें : यात्रीगण कृपया ध्यान दें! अगस्त में कई ट्रेनें रहेंगी रद्द, यात्रा से पहले जरूर करें जांच
उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में भी असर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 7 से 13 अगस्त तक तेज बारिश हो सकती है. वहीं13 अगस्त को जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की संभावना है. इन इलाकों में बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.
पूर्वोत्तर भारत में लगातार बरसात
7 से 13 अगस्त तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश जारी रहेगी. जबकि अरुणाचल प्रदेश में 8 से 12 अगस्त तक असम और मेघालय में 8, 12 और 13 अगस्त को भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
दक्षिण भारत भी रहेगा भीगा-भीगा
8 अगस्त को केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश का अनुमान है. वहीं तमिलनाडु, तेलंगाना और रायलसीमा में 8-9 अगस्त को बारिश की संभावना है.
पूर्व और मध्य भारत में क्या रहेगा हाल?
पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अलग-अलग तारीखों को तेज बारिश की संभावना है. वहीं बिहार में 8-9, 12-13 अगस्त, ओडिशा में 8-9 अगस्त, छत्तीसगढ़ में 11-13 अगस्त तक बारिश की संभावना है.
मछुआरों के लिए चेतावनी
8 से 12 अगस्त तक अरब सागर के कुछ हिस्सों में समुद्र में जाना खतरनाक है. मौसम विभाग ने ओमान तट और अरब सागर के उत्तर-पश्चिम हिस्सों में मछुआरों को न जाने की सलाह दी है.
ऐसे में क्या करें?
मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें. यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लें. नदी-नालों और भूस्खलन वाले क्षेत्रों से दूर रहें और बिजली गिरने के समय खुले में न रहें. आगामी 5 दिनों में देश के कई राज्यों में भारी बारिश से स्थिति बिगड़ सकती है. ऐसे में सतर्क रहना और जरूरी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.