Imran Khan Sons Major Claim Government: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में सेहत को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच उनके बेटों सुलेमान और कासिम ने पाकिस्तान सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों ने स्काई स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया कि उनके पिता को जेल में रखने के साथ उनकी जान को भी खतरा पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को लेकर परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही है।
माइक एथर्टन ने लिया इंटरव्यू
सुलेमान और कासिम का यह इंटरव्यू इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान माइक एथर्टन ने लिया। यह बातचीत ऐसे समय सामने आई जब पाकिस्तान के 21 पूर्व और दिग्गज क्रिकेटरों ने सरकार से इमरान खान को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की थी। एथर्टन भी इस अपील का हिस्सा रहे थे। इंटरव्यू में दोनों भाइयों ने अपने पिता की जेल में स्थिति और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की।
कासिम ने जेल में हालात पर उठाए सवाल
कासिम ने दावा किया कि इमरान खान को लंबे समय तक एकांत में रखा जा रहा है और उन्हें दिन के अधिकांश समय अपनी कोठरी में रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हाल में परिवार के कुछ लोगों ने इमरान से मुलाकात की थी और उनके मुताबिक जेल के हालात पहले से ज्यादा खराब हैं। कासिम ने आरोप लगाया कि सरकार का उद्देश्य इमरान खान की आवाज को दबाना है। हालांकि, ये सभी आरोप इमरान खान के बेटों की ओर से लगाए गए हैं।
सुलेमान बोले- आंख पर पट्टी बंधी थी
सुलेमान ने अपने पिता के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि इमरान खान की जांच किसी स्वतंत्र डॉक्टर से क्यों नहीं कराई जा रही है। उनके मुताबिक, अदालत की ओर से मेडिकल जांच के निर्देश के बाद परिवार को उम्मीद जगी थी, लेकिन इमरान को निजी अस्पताल के बजाय सरकारी अस्पताल ले जाया गया और बाद में जेल वापस भेज दिया गया। सुलेमान ने दावा किया कि मुलाकात के दौरान इमरान की आंख पर पट्टी बंधी थी और वह तनाव में दिखाई दे रहे थे।
वीजा नहीं मिलने से बेटों की मुलाकात नहीं
सुलेमान और कासिम ने बताया कि उन्होंने 2022 के बाद अपने पिता को आमने-सामने नहीं देखा है। दोनों के मुताबिक, इमरान खान से उनकी आखिरी फोन पर बातचीत इसी साल मार्च में हुई थी। उन्होंने कहा कि वे पाकिस्तान जाकर अपने पिता से मिलना चाहते हैं, लेकिन उन्हें वीजा नहीं दिया गया। इसी बीच इंटरव्यू के प्रसारण को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से भी आपत्ति जताए जाने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, लॉर्ड्स में इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट के दौरान प्रसारित हुए इस इंटरव्यू को लेकर PCB ने प्रसारणकर्ता के सामने शिकायत दर्ज कराई थी।