Shocking Incident in America: अमेरिका के लुइसियाना राज्य के श्रेवेपोर्ट शहर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के दौरान 8 मासूम बच्चों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृत बच्चों की उम्र 1 से 14 साल के बीच बताई जा रही है। इस घटना ने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया है और अधिकारियों ने इसे अभूतपूर्व बताया है।
तीन अलग-अलग जगहों पर हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, यह खौफनाक घटना तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई। सुबह करीब 6 बजे वेस्ट 79वीं स्ट्रीट इलाके से गोलीबारी की सूचना मिली। जांच में सामने आया कि घटना दो घरों के बीच फैली हुई थी, जबकि हैरिसन स्ट्रीट पर स्थित एक अन्य घर भी इससे जुड़ा हुआ है। शुरुआती जांच में मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा बताया जा रहा है।
मुठभेड़ में मारा गया हमलावर
घटना को अंजाम देने के बाद संदिग्ध हमलावर ने एक कार छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया और घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़ में उसे मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई।
यह भी देखेःCBI takes major action: DGCA के डिप्टी DG समेत दो गिरफ्तार, रिश्वत के 2.5 लाख रुपये बरामद
अधिकारियों ने जताया गहरा दुख
श्रेवेपोर्ट पुलिस के अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस प्रमुख वेन स्मिथ ने कहा कि यह घटना बेहद भयावह है और इसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। वहीं शहर के मेयर टॉम आर्सीनॉक्स ने इसे अब तक की सबसे दुखद घटनाओं में से एक बताया।
जांच जारी
पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। Louisiana State Police ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी, फोटो या वीडियो हो तो वे साझा करें। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।