Exam Paper Mistake: सोचिए अगर ऐसा हो कि आप एग्जाम देने जाएं और प्रश्नपत्र में सवालों के साथ-साथ आंसर भी छपा मिले तो आपको कैसा लगेगा? ये एक ख्वाब लगता है लेकिन ऐसा ही एक मामला केरल की एक यूनिवर्सिटी में सामने आया है। यहां बीएससी (सांख्यिकी) सेकंड सेमेस्टर के एग्जाम के दौरान छात्रों को दिए गए प्रश्नपत्र में उनके आसंर भी साथ में छपे हुए थे। मामला सामने आते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे समाने आया मामला
सूत्रों की मानें तो, बीएससी सांख्यिकी सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्रों और एग्जाम सेंटर पर मौजूद अधिकारियों ने प्रश्नपत्र में एक बड़ी ही गंभीर गलती पकड़ी। एक प्रश्न के ठीक नीचे उसका उत्तर भी छपा हुआ था। इसे देख कर न सिर्फ छात्र बल्कि शिक्षक भी हैरान रह गए।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मांगा स्पष्टीकरण
मामला सामने आते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही माना। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने संबंधित बोर्ड ऑफ स्टडीज से इस बड़ी लापरवाही के लिए स्पष्टीकरण मांगा है। प्रशासन का सवाल ये है कि आखिर प्रश्नपत्र छापने के दौरान इतनी बड़ी कैसे हो सकती है? शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की कई स्तर पर जांच होती है और उसके बाद ही उन्हें अतिंम रूप दिया जाता है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि प्रश्नपत्र बनाने के दौरान किसी ने ये गलती क्यों नहीं देखी।
परीक्षा परिणाम घोषित होगा?
इस मामले को लेकर अब छात्रों के भविष्य पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या ये परीक्षा रद्द होगी या इसका रिजल्ट घोषित किया जाएगा। फिलहाल यूनिवर्सिटी अभी इसपर कुछ भी बोलने से बच रही है। इसपर अंतिम फैसला जांच पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर मामले ने पकड़ा तूल
इस गंभीर मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। छात्र और शिक्षक अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई छात्रों ने इसे बड़ी लापरवाही बताया है, जबकि कई लोगों का कहना है कि इस मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। सोशल मीडिया पर ये मामला तेजी से वायरल हो रहा है। अब सवाल ये है कि आखिर इस मामले पर यूनिवर्सिटी प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।