आईसीसी मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि विज्ञापन और ट्रैवल इंडस्ट्री में भी इस मैच ने नई हलचल पैदा कर दी है। हर कोई इस हाई वोल्टेज मुकाबले का फायदा उठाना चाहता है।
टीवी एड स्लॉट्स की कीमतें आसमान पर
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस मैच के लिए 10 सेकंड का टीवी एड स्लॉट 30 से 40 लाख रुपये तक पहुंच गया है। आम तौर पर बड़े वर्ल्ड कप मैचों में यही स्लॉट 20 से 25 लाख रुपये में बिकता है। आखिरी समय में एड रेट्स में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो चुकी है। अनुमान है कि ब्रॉडकास्टर जियोस्टार को पूरे टूर्नामेंट से करीब 2000 करोड़ रुपये की विज्ञापन कमाई हो सकती है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उछाल
डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी एड की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। यहां 10 सेकंड का विज्ञापन स्लॉट 15 से 20 लाख रुपये तक जा पहुंचा है। ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी, फाइनेंस, इंश्योरेंस और रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनियां सबसे ज्यादा रुचि दिखा रही हैं। बड़े ब्रांड्स जैसे एमिरेट्स, अमूल, OpenAI, Hyundai, Mahindra & Mahindra और Britannia इस टूर्नामेंट में विज्ञापन दे रहे हैं।
सोने-चांदी से हो रही तुलना
मार्केटिंग विशेषज्ञों का कहना है कि भारत-पाक मुकाबले के एड रेट्स की तुलना अब सोने-चांदी की कीमतों से की जा रही है। जिस तरह कीमती धातुओं के दाम तेजी से बढ़ते हैं, उसी तरह इस मैच के विज्ञापन स्लॉट भी मिनटों में बिक रहे हैं। मैच के दौरान हर सेकंड की कीमत तय है और कोई भी स्लॉट खाली नहीं रहने वाला।
इसे भी पढ़ें : भारत-पाक मैच पर बारिश का खतरा, क्या Colombo का मौसम बिगाड़ देगा सुपर 8 का गणित?
फ्लाइट किराए में भारी बढ़ोतरी
क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ के कारण कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में 45 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो गई है। EaseMyTrip के अनुसार राउंड ट्रिप टिकट सामान्य दिनों से काफी महंगे हो चुके हैं। MakeMyTrip ने बताया कि 15 फरवरी वाले वीकेंड के लिए बुकिंग पिछले तीन दिनों में दोगुनी हो गई है। Cleartrip के मुताबिक बुकिंग में करीब 65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
होटल भी लगभग फुल
कोलंबो के चार और पांच सितारा होटलों में कमरों की मांग तेज हो गई है। प्रीमियम होटल के रेट 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं। होटल इंडस्ट्री का कहना है कि मैच के दौरान ज्यादातर बड़े होटल लगभग फुल हो चुके हैं। साफ है कि यह मुकाबला सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि बाजार में भी बड़ा खेल दिखा रहा है।